बुलंदशहर। जिले के स्पोर्ट्स स्टेडियम में अगस्त से खिलाड़ी फुटबॉल का प्रशिक्षण ले सकेंगे। नगर के यमुनापुरम स्टेडियम में फुटबॉल का प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। इसके बाद जिले से भी फुटबॉल खिलाड़ी निकलकर मंडल व प्रदेश स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकेंगे।
नगर के यमुनापुरम और टांडा स्पोर्ट्स स्टेडियम है। यहां पर अभी तक क्रिकेट, वॉलीबॉल, हॉकी, दौड़, कबड्डी, हैंडबाल, टेबल टेनिस समेत अन्य खेलों के खिलाड़ी नियमित अभ्यास करते हैं। अधिकांश खेलों के खिलाड़ियों को कोच के अभाव में प्रशिक्षण नहीं मिल पाता। इसकी वजह से खिलाड़ियों को अन्य जनपदों की दौड़ लगानी पड़ रही है।
एक माह पूर्व कन्नौज से फुटबाल कोच नूर हसन को जिला क्रीड़ाधिकारी की जिम्मेदारी मिली है। नवनियुक्त जिला क्रीड़ाधिकारी नूर हसन ने बताया कि जिले में अभी तक फुटबॉल का प्रशिक्षण नहीं मिलता है। इच्छुक खिलाड़ी स्टेडियम पर आकर प्रशिक्षण के लिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं। सुबह-शाम दोनों समय फुटबॉल के खिलाड़ियों को अभ्यास कराया जाएगा।