होटल-रेस्तरां पर तैनात होंगे फूड सेफ्टी सुपरवाइजर
बुलंदशहर। होटल-रेस्तरां पर जल्द ही फूड सेफ्टी सुपरवाइजरों की तैनाती की जाएगी। सुपरवाइजरों की तैनाती से दुकानदारों पर आर्थिक बोझ न पड़े, इसके लिए विभाग की ओर से व्यापारियों को भी प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है। दुकानदारों को खाद्य विभाग की ओर से ट्रेनिंग दिलाकर फूड सेफ्टी सुपरवाइजर बनाते हुए प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट की तरह ही अब खाद्य कारोबारी को भी अपनी दुकान पर फूड सेफ्टी सुपरवाइजर की तैनाती करनी होगी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से लागू किए जाने वाले इस नए नियम से एक ओर जहां खाद्य के कारोबार को मानक के अनुसार संचालित किया जाएगा, खाद्य विक्रेता के जेब पर आर्थिक भार बढ़ेगा। ऐसे में जिले के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को इस समस्या से बचाने के लिए नई योजना बनाई है। आदेशों के तहत डीओ अपने प्रयासों से ट्रेनरों को बुलाकर जिले के खाद्य कारोबारियों को फूड सेफ्टी सुपरवाइजर की ट्रेनिंग दिलाई जाएगी। इससे जब खाद्य कारोबारी खुद ही ट्रेनिंग लेंगे तो उसे फूड सेफ्टी सुपरवाइजर का प्रमाणपत्र भी मिल जाएगा। अब इसके लिए जिले के व्यापारियों को आगे आकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के अधिकारियों से मिलकर कार्यशाला आयोजित कराने पर जोर देना होगा।
नए आदेश के तहत अब व्यापारियों को सुपरवाइजर रखना होगा। वह या तो प्रशिक्षित व्यक्ति को बतौर सुपरवाइजर रखें या फिर विभाग द्वारा ट्रेनिंग लेकर स्वयं सुपरवाइजर का दायित्व निभाएं। विभाग ने व्यापारियों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था है। ट्रेनिंग के बाद उन्हें फूड सेफ्टी सुपरवाइजर का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।- आरके गुप्ता, डीओ, खाद्य सुरक्षा विभाग