आवास विकास कालोनी में जला ट्रांसफार्मर।
- फोटो : रमेश मिश्र
तेज आंधी के साथ आई बारिश में औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत लाइन पर पेड़ गिर जाने के कारण तहसील बिजलीघर की विद्युत सप्लाई फेल हो गई। इससे नगर में करीब पांच हजार घरों की बिजली गुल हो गई। बिजली न होने से रोजेदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब आठ घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
बता दें कि मंगलवार शाम देर शाम तेज हवा के साथ आई बारिश में औद्योगिक क्षेत्र स्थित गांव सांवली में एचटी लाइन पर पेड़ गिरने के कारण तार टूट गए थे। वहीं यूपीएसआईडी के कर्मचारियों ने खुदाई के दौरान केबिल काट दिया। इससे तहसील बिजलीघर की आपूर्ति फेल हो गई।
तहसील बिजलीघर से एसडीएम कॉलोनी, रिसालदारान, झारखंडी, कोतवाली क्षेत्र, काजीवाड़ा, गद्दीवाड़ा, चौधरीवाड़ा, विजयद्वार, बाजार माधोदास, बड़ा बाजार आदि क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से पानी की सप्लाई भी बाधित हो गई।
ऐसे में रोजेदारों को इफ्तार और सहरी के दौरान काफी परेशानी हुई। जेई प्रवेश गिरी ने बताया कि आंधी के कारण एचटी लाइन पर पेड़ गिरने और यूपीएसआईडी कर्मचारियों द्वारा केबिल काटने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। करीब आठ घंटे बाद सप्लाई चालू की गई।
वहीं गुलावठी के बिजलीघर पर बीसीवी फटने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित रही। पॉवर कॉरपोरेशन के अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि बीसीवी फटने के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है।