सिकंदराबाद में प्राधिकरण द्वारा सील की गई दुकानें। स्रोत : प्राधिकरण
बुलंदशहर। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण के सचल प्रवर्तन दल ने शुक्रवार को सिकंदराबाद क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान सचल प्रवर्तन दल ने गुलावठी रोड पर चल रहे पांच दुकानों एवं एक मकान के निर्माण को रोक दिया और सील लगा दी। साथ ही एसडीएम कोर्ट के सामने करीब चार बीघा भूमि में काटी जा रही अनधिकृत काॅलोनी को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण सचिव ज्योत्सना यादव ने बताया कि शुक्रवार को सचल प्रवर्तन दल को सिकंदराबाद क्षेत्र में भेजा गया। इस दौरान सिकंदराबाद में गुलावठी रोड पर गांव मंडावरा में महीपाल यादव द्वारा करीब 300 वर्गमीटर में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए पांच दुकानों का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। साथ ही देवेंद्र सिंह द्वारा करीब 100 वर्ग मीटर में बिना मानचित्र स्वीकृत के मकान का निर्माण कार्य करवा रहे थे। सचल प्रवर्तन दल ने स्वीकृत मानचित्र की मांग की तो भवन स्वामी नहीं दिखा सका। सचल प्रवर्तन दल ने निर्माण कार्य को रुकवाते हुए दोनों अवैध निर्माण को सील कर नोटिस जारी किया है। साथ ही एसडीएम कोर्ट के सामने संजय भाटी द्वारा करीब चार बीघा भूमि पर अनधिकृत काॅलोनी काटी जा रही थी। जिसे सचल प्रवर्तन दल ने ध्वस्त कर दिया।
अनधिकृत काॅलोनी एवं बिना मानचित्र स्वीकृत के निर्माण कार्य मिलने पर कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से अपील है कि अनधिकृत काॅलोनी में प्लॉट न खरीदें एवं बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कार्य न करें। - डॉ. अंकुर लाठर, प्राधिकरण उपाध्यक्ष