फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: बाइक पर थे पांच लोग, टैंकर ने मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत

विज्ञापन
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मृतक युवक दिलशाद का फाइल फोटो।
विज्ञापन
अहमदगढ़। बच्चों को बुखार की दवा दिलवाने के लिए पहासू से डिबाई जा रहा बाइक सवार पूरा परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। एक ही बाइक पर पांच लोग सवार थे। इस घटना में छह साल के पुत्र और पिता की मौत हो गई। हादसे में मां, छह माह और नौ साल की दो बेटियां घायल हो गईं। घटना डिबाई-शिकारपुर मार्ग पर गांव मुमरेजपुर के निकट बृहस्पतिवार को दोपहर में हुई।
विज्ञापन

पहासू के मोहल्ला पठान टोला निवासी मजदूरी करने वाले दिलशाद (32) बृहस्पतिवार को पत्नी साबरा (28), पुत्री माहीन (9) बेटा जयान (6) और छह माह की एक और बेटी के साथ दवा लेने डिबाई जा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे उनकी बाइक को पीछे से डिबाई-शिकारपुर मार्ग स्थित गांव मुमरेजपुर के पास टैंकर ने टक्कर मार दी। टैंकर बुलंदशहर से डिबाई की तरफ जा रहा था। टक्कर के बाद बाइक बहुत दूर तक घिसटती चली गई और पांचों लोग सड़क पर दूर-दूर जाकर गिरे।
राहगीरों के मुताबिक टैंकर की टक्कर के बाद दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी, दोनों बेटियों और बेटे को अहमदगढ़ थाना पुलिस डिबाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। यहां चिकित्सकों ने जयान (6) को मृत घोषित कर दिया। घायल मां साबरा, बेटी माहीन और दूसरी बेटी को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में इन तीनों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन

पुलिस ने पिता-पुत्र दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना मिलते ही दिलाशाद के पहासू स्थित घर में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल और थाने पहुंच गए। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि हादसे के बाद भाग रहे बदायूं निवासी टैंकर चालक को घेराबंदी करके पकड़ लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।


पलक झपकते ही बिखर गया परिवार

दवा लेने के लिए एक साथ निकला परिवार चंद पलों में ही बिखर गया। दोपहर तक जो घर बच्चों की हंसी और खुशियों से महक रहा था, दोपहर डेढ़ बजे हुए हादसे के बाद सब कुछ तहस-नहस हो गया। बेकाबू टैंकर की टक्कर ने दिलशाद और उनके छह साल के मासूम बेटे जयान की जिंदगी छीन ली। हादसे ने साबरा का सुहाग उजाड़ दिया और गोद भी सूनी कर दी। हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

पहले की घटनाओं से नहीं ले रहे सबक, पुलिस भी मूकदर्शक
बाइक पर हेलमेट लगाकर न चलने, दो से अधिक लोगों के एक साथ चलने और दूसरे यातायात नियमों का पालन न करने से हाल ही में कई लोगों की जान जा चुकी है। इन घटनाओं सेे न तो आम नागरिक सबक ले रहे हैं और न ही पुलिस इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए तत्पर दिख रही है। मई में खुर्जा देहात कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर खुर्जा से लौट रहे धमैड़ा कीरत निवासी उत्तम सिंह, उनकी पत्नी उर्मिला और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई थी।
पूरा परिवार एक ही बाइक पर था। जनवरी में नरौरा क्षेत्र में गंगा स्नान कर लौट रहे बिना हेलमेट बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, इसमें एक युवक की जान चली गई थी। गत वर्ष डिबाई क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी थी। घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
दो पहिया पर हेलमेट जरूर पहनें, दो से अधिक लोग न चलें : जैन
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट जरूर पहनें। यह चालान से बचने का जरिया नहीं बल्कि सुरक्षा कवच है। उन्होंने कहा कि हेलमेट अच्छी क्वालिटी का हो। पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी हेलमेट लगाए। निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं।
सड़कों पर स्टंट न करें और न ही रेस लगाएं। नशे की हालत में वाहन बिल्कुल न चलाएं। बाइक पर दो से अधिक लोग न चलें। फोन पर बात न करें। ईयरफोन न लगाएं। ध्यान पूरी तरह सड़क पर हो। अभिभावक नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन न चलाने दें। शॉर्टकट के चक्कर में गलत साइड न पकड़ें। मुख्य मार्गों या चौराहों पर प्रवेश करते समय दोनों तरफ जरूर देखें।
विज्ञापन

अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मृतक युवक दिलशाद का फाइल फोटो।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें