मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार बस ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोरजपुर में रविवार सुबह टैंपो पलटने से अधेड़ की मौत हो गई और चालक समेत पांच लोग घायल हो गए।
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के अशर्फाबाद गांव निवासी चंद्रपाल सिंह का परिवार नोएडा में रहता है। उनका बेटा रिंकू (28) रविवार की सुबह गंगा स्नान के बाद नोएडा जा रहा था। कोतवाली क्षेत्र में तहसील भवन के पास सामने बस ने बाइक को टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर रिंकू के पिता व भाई दिनेश ने उसकी शिनाख्त की।
एसएचओ श्यामवीर सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। वहीं अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मामऊ निवासी रोदास(50) पुत्र विजयपाल रविवार सुबह 6 बजे टैंपो में बैठकर गांव से अनूपशहर गंगा नहाने जा रहा था। जैसे ही टैंपो गांव मोरजपुर के पास पहुंचा तो टैंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।
रोदास की मौके पर ही मौत हो गई जबकि टैंपो चालक प्रेमपाल, अनीता, योगेश, अलका, जयप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
चचेरे भाइयों की मौत गांव में नहीं मनी दिवाली
दिवाली की पूर्वसंध्या पर सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। इससे गांव में दिवाली नहीं मनी। कोतवाली रबूपुरा क्षेत्र के गांव आकलपुर निवासी प्रवीण उर्फ लंबू (28वर्ष)पुत्र कन्हैयालाल, नीरज (25वर्ष)पुत्र जुगेंद्र शर्मा दोनों चचेरे भाई हैं। दोनों कासना स्थित प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करते थे।
शनिवार की शाम दोनों भाई बाइक से डयूटी के बाद वापस घर लौट रहे थे। करीब 7.30 बजे रबूपुरा-म्याना मार्ग पर मकसूदपुर के जगल में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में प्रवीण, नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजन दोनों को जेवर स्थित कैलाश अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो जवान लड़कों की मौत से गांव में शोक छाया गया। पूरे गांव में किसी भी घर में दिवाली नहीं मनाई गई।
बाइक से गिरे मासूम को कार ने कुचला
हाइवे स्थित गांव धरपा के पास बाइक से गिरे सात वर्षीय बच्चे को कार ने कुचल दिया। अलीगढ़ के पिसावा स्थित गांव हिसौना निवासी राकेश रविवार शाम को बाइक पर दिल्ली से अलीगढ़ जा रहा था। बाइक पर उनका सात वर्षीय बेटा हिमांशु भी था। थाना देहात क्षेत्र के गांव धरपा के पास अचानक हिमांशु बाइक से गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रही कार हिमांशु को रौंदते हुए निकल गई।
अनियंत्रित होकर टेपों पलटा
सिकंदराबाद से बुलंदशहर सवारियां लेकर जा रहा टेपों नेत्ररामपुरी के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। घायलों में ग्राम लीलखा निवासी सुनीता पत्नी राजेश, मंजू पत्नी अर्जुन, ग्राम अछेजा निवासी फातमा पत्नी तौसीफ, ग्राम चंद्रावली निवासी राजू पुत्र कन्हयालाल, ग्राम बड़ौता निवासी गीता पत्नी
रामकुमार आदि हैं।
कई जगह भिड़ीं मोटरसाइकिलें, नौ लोग घायल
कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में नौ लोग गंभीर घायल हो गए। बुलंदशहर-बंदायू हाईवे पर 220 केवी विद्युत स्टेशन के पास दो बाइक की टक्कर में छह लोग गंभीर घायल हुए। इसमें गांव दौलतपुर निवासी अनिल, सूरज अंगूरी तथा नगला किढ़ा निवासी किशन, मानक व रिंकू को प्राइवेट चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, कोतवाली पुलिस के के अनुसार गावं सबलपुर पर रविवार को दोपहर दो बाइक की आमने सामने हुई भिड़ंत में धर्मपुर क्षेत्र के तीन लोग घायल हुए, जिन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। स्याना में हाईवे पर पशु पैंठ के निकट सोमवार की शाम चार बाइकें आपस में भिड़ गई जिसमें दिनेश, भाग्यवती, राहुल, दीपक सहित कुल सात लोग घायल हो गए।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची एवं घायलों को अस्पताल पहुंचाया।