फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: भू-माफिया सुधार गोयल व उसकी पत्नी पर धोखाधड़ी के पांच और मामले दर्ज

विज्ञापन
सुधीर गोयल और राखी गोयल।
विज्ञापन
बुलंदशहर। भूमाफिया सुधीर गोयल और उसकी पत्नी के खिलाफ कोतवाली देहात में धोखाधड़ी कर प्लॉट बेचने, धमकी देने के मामले में मंगलवार रात और बुधवार को पांच और मुकदमे दर्ज किए हैं। अब सुधीर गोयल के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमों की संख्या बढ़कर 40 को पार कर गई है। बताते चलें कि सुधीर कुमार गोयल, राखी गोयल समेत अन्य लोगों के ठिकाने पर करीब आठ माह पहले ईडी की टीम ने कार्रवाई की थी। वहीं पुलिस की ओर से भी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
विज्ञापन


केस एक
मौके पर नहीं प्लॉट, 18 लाख हड़पे
नगर की सुशीला विहार कॉलोनी निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वह सेवानिवृत्त सैनिक हैं। 24 मई 2018 को उन्होंने काजिमपुर देवली स्थित शिव एंक्लेव में 200 गज का एक प्ल़ॉट सुधीर कुमार गोयल निवासी राधिका एंक्लेव से क्रय किया था। इसके लिए 15 लाख रुपये चेक के माध्यम से और तीन लाख रुपये नकद दिए थे। इसके बाद सुधीर गोयल ने प्लॉट का बैनामा उनके पक्ष में किया था।

आरोप है कि जब वह प्लॉट की चहारदीवारी कराने के लिए मौके पर पहुंचे तो सुधीर गोयल ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए भगा दिया और झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। अब जांच के दौरान पता चला कि बैनामा में दर्शाए गए आकार और दिशा के हिसाब से मौके पर कोई प्लॉट ही नहीं है। कोतवाली देहात पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी सुधीर गोयल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन


केस दो
10 लाख में खरीदे दो प्लॉट, नहीं दिया कब्जा
गांव नैथला हसनपुर निवासी संतोष देवी ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि उन्होंने 26 नवंबर 2017 को 200 वर्ग गज के दो प्लॉट का बैनामा शिव एंक्लेव का बैनामा सुधीर कुमार गोयल के माध्यम से कराया था। आरोप है कि दोनों प्लॉट के लिए उन्होंने 10 लाख रुपये सुधीर कुमार गोयल को नकद व चेक से दिए थे।

आरोपी सुधीर ने रुपयों के लिए अपनी फर्म की रसीद पर प्राप्ति स्वीकार की थी। इसके बाद सुधीर गोयल ने दोनों प्लॉट पर कब्जा नहीं करने दिया। जब भी मौके पर पहुंचकर कब्जे का प्रयास किया तो आरोपी उन्हें डरा-धमकाकर, जान से मारने की धमकी देकर भगा देता था। कोतवाली देहात पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी सुधीर गोयल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

केस तीन
रुपये लेकर कराया बैनामा, फिर दूसरे को बेच दिया प्लॉट
नगर की यदुविहार बीसा कॉलोनी निवासी हवेंद्र कुमार ने एसएसपी को बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में काजमपुर देवली स्थित शिव एंक्लेव में प्लॉट खरीदने के लिए सुधीर गोयल से संपर्क किया था। इस पर सुधीर ने कॉलोनी में प्लॉट दिखाया, इसके चलते उन्होंने 200 वर्ग गज के प्लॉट का बैनामा अपने तथा अपनी मां राजकुमारी के हक में कराया था। इसके लिए सुधीर ने सिद्धी विनायक प्रॉपर्टीज तथा अपनी पत्नी राखी गोयल के नाम पर धनराशि ऑनलाइन व नकद ली थी।

प्लॉट का बैनामा होने के बाद कई बार सुधीर गोयल और उसकी पत्नी राखी गोयल से प्लॉट पर कब्जा देने के लिए कहा, लेकिन प्लॉट पर कब्जा नहीं दिया। फरवरी 2024 में जानकारी हुई कि सुधीर गोयल ने उनके प्लॉट को 13 जुलाई 2018 को दोबारा से सिविल लाइन निवासी विभाचंद्रा को बेच दिया है। कोतवाली देहात पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी सुधीर, राखी गोयल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
केस चार
बैनामा तो किया, पर नहीं मिले प्लॉट
नगर की बीसा कॉलोनी निवासी सुरभि मीणा ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि उन्होंने चार फरवरी 2019 को सुधीर कुमार गोयल से एक 50 वर्ग गज का प्ल़ॉट आठ हजार रुपये प्रति वर्ग गज में तय करते हुए एक लाख रुपये जमा और शेष धनराशि 8700 रुपये प्रतिमाह में देना तय हुआ था। इसके अलावा उनकी देवरानी ने भी इसी कीमत पर 50 वर्ग गज का प्लॉट किश्तों के आधार पर खरीदा था।

आरोप है कि उनके द्वारा 15 फरवरी 2021 को दोनों ही प्लॉट की किश्त चुकता कर दी गईं थी। इसके बाद उसी दिन सुधीर कुमार गोयल ने दोनों प्लॉट का बैनामा कर दिया। इसके बाद भी अभी तक उन्हें बताए हुए प्लॉट नहीं मिले। कई बार वह सुधीर गोयल, उसकी पत्नी राखी गोयल से मिले पर कोई फायदा नहीं हुआ। आरोप है कि जब प्लॉट की धनराशि को वापस मांगा तो सुधीर ने धमकी दी कि यदि फिर से प्लॉट या धनराशि मांगी तो बाउंसर से उनका बुरा हाल करा देगा। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है।


केस पांच

फर्जीवाड़ा कर प्लॉट बेचकर हड़पे 24 लाख
अगौता के गांव ढकौली निवासी रेखा, पिंकी सिंह, नीलम ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि उन्होंने सुधीर कुमार गोयल के माध्यम से शिव एंक्लेव कॉलोनी में 100-100 वर्ग गज के चार प्लॉट 18 अप्रैल 2017 को खरीदे थे। बैनामा कराने के बाद जब वह कब्जा लेने पहुंची तो पता चला कि प्लॉट बेचने वाले बनारसी ने प्लॉट संख्या 50 से 53 का बैनामा किया है। जबकि जगदीश प्रसाद ने प्लॉट संख्या 53, 54 व 55 को सुमन निवासी यमुनापुरम व जगदीश ने प्लॉट संख्या 51 का बैनामा जुबैदा निवासी मोहल्ला पकौड़ियों को कर दिया है।

प्लॉट की कीमत को उन्होंने आरोपी सुधीर गोयल के खाते में दिए थे। प्लॉट पर कब्जा कराने के लिए कई बार उनसे मांग की, लेकिन उन्होंने कब्जा नहीं कराया। बाद में पता चला कि पूर्व के खरीदारों ने प्लॉटों पर पहले ही कब्जा कर लिया है। इसके चलते आरोपी सुधीर गोयल और राखी गोयल ने उनसे 24 लाख रुपये की ठगी की है। जबकि बार-बार मांगने पर उन्होंने एक प्लॉट की कीमत उन्हें वापस कर दी है। एसएसपी के आदेश पर दोनों के खिलाफ कोतवाली देहात में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन




प्रकरण में जांच के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं। जल्द ही जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। श्लोक कुमार, एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें