बुलंदशहर। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल की इमरजेंसी के ईएमओ कक्ष में जाम छलकाने वाले मामले की मेडिकल काॅलेज की प्राचार्य ने जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए पांच अफसरों की एक समिति गठित की गई है। जांच टीम दो दिन में जांच कर अपनी रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य को सौंपेगी।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी परिसर में इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) के रूम का एक 20 सेकेंड का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। मरीजों के उपचार की जगह चिकित्सकों द्वारा जाम छलकाए जाने पर बृहस्पतिवार के अंक में ईएमओ कक्ष में छलक रहे जाम, वीडियो वायरल शीर्षक से समाचार प्रकाशित होने पर मेडिकल काॅलेज की प्राचार्य ने मामले को संज्ञान में लिया। वायरल वीडियो में ईएमओ रूम में बेड पर एक फार्मासिस्ट व एक चिकित्सक लेटे हुए नजर आ रहे हैं तो सोफे पर एक व्यक्ति बैठा हुआ है, संबंधित को अस्पताल के कर्मियों ने चिकित्सक बताया है। सोफे पर बैठे व्यक्ति के पास शराब से भरा हुआ एक ग्लास रखा हुआ है। वीडियो वायरल होने पर मेडिकल कॉलेज से जुड़े अफसरों ने मामले को दबाने का प्रयास किया, लेकिन वीडियो वायरल होने पर बृहस्पतिवार को समाचारपत्रों द्वारा प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए जाने पर अफसर हरकत में आए और अब जांच कराने की बात कह रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य ने नोडल अधिकारी डाॅ. रोहित वार्ष्णेय, एमएस डाॅ. धीर सिंह, डाॅ. सजंय मिश्रा, डाॅ. विनोद वर्मा और डाॅ. विनोद वर्मा को जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसकी रिपोर्ट दो दिन में मांगी गई है। इससे पूर्व भी कई बार ईएमओ कक्ष में शराब पीने की फोटो और वीडियो वायरल हो चुकी हैं। जिन्हें अफसरों द्वारा चिकित्सकों से माफी मंगवाते हुए मामले को दबा दिया गया।
मामले की जानकारी मिल गई है। कॉलेज की प्राचार्य जांच करवा रही हैं। अपने स्तर से भी मामले की जांच की जाएगी।
- डॉ. परवेंद्र सिंह, कार्यवाहक, सीएमएस