खुर्जा। कोतवाली पुलिस ने 90 हजार रुपए नकदी और लाखों रुपए के सोने व चांदी के गहने समेत पांच चोर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 24 जनवरी को ज्ञानलोक कॉलोनी में चोरी की घटना को अंजाम दिया था, जिसका पुलिस ने रविवार को खुलासा किया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक बाइक, एक तमंचा और दो चाकू भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ खुर्जा विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ चोर खुर्जा क्षेत्र में घूम रहे हैं। इसी के चलते खुर्जा कोतवाली पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान जीटी रोड से चार चोर और उनका साथी सराफा पकड़ा गया। आरोपियों के पास से नकदी और कुछ गहने बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने पिछले माह में हुई चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपियों की पहचान शिवम वर्मा निवासी आनंद विहार साठा मोहल्ला, नगर कोतवाली (हाल पता सुशीला विहार मोहल्ला), अमित वर्मा निवासी सुनारों वाली गली मोहल्ला (हाल पता स्याना अड्डा मंशा देवी मंदिर के पास, थाना कोतवाली देहात), दीपक उर्फ बंटी निवासी अजमरा गांव थाना हसायन, जनपद हाथरस (हाल पता हैबतपुर गांव, थाना बिसरख गौतमबुद्धनगर), सत्यम वर्मा निवासी आनंद विहार साठा मोहल्ला और राहुल वर्मा निवासी मोहल्ला माधोदास, थाना सिकंदराबाद जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई।
आरोपियों के पास से बरामद गहनों में सोने की दो चेन, एक जोड़ी कुंडल, एक नथ, चांदी के 16 सिक्के आदि हैं। खुर्जा कोतवाली प्रभारी राजपाल तोमर ने बताया कि 24 जनवरी को ज्ञान लोक कॉलोनी से लाखों रुपए के गहने चोरी हो गए थे। जिस मामले में आरोपी वांछित चल रहे थे। घर से आरोपियों ने 17 हजार रुपए नकदी चोरी की थी। इसके अलावा चोरी किए कुछ गहने बुलंदशहर निवासी सराफ अमित वर्मा को बेच दिए थे। इनसे अन्य रुपए बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के चोर हैं, जो पहले बंद मकानों की रैली करते थे। उसके बाद गहने चोरी कर सराफ को बेच देते थे। आरोपी शिवम के खिलाफ पूर्व में 13, अमित के खिलाफ छह, दीपक उर्फ बंटी के खिलाफ सात, राहुल के खिलाफ चार और सत्यम के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं।