बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इसके लिए छात्र-छात्राओ के ऑफर लेटर प्राप्त कर कॉलेज ओपन मेरिट बनाने की तैयारी में जुट गए। कॉलेजों में शुक्रवार को पहली ओपन मेरिट जारी की जाएगी। इसी के साथ प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो 12 अगस्त तक जारी रहेगी।
सीसीएसयू की ओर से स्नातक प्रथम वर्ष की बीए, बीएससी और बीकॉम समेत प्रोफेशनल काेर्स की कक्षाओं में प्रवेश के छात्र-छात्राओं के पंजीकरण कराए गए थे। इसके बाद प्रवेश के लिए सीसीएसयू ने दो मेरिट जारी की। इन दोनों मेरिट से जिले के कॉलेजों में 12 हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश हो चुके। इसके बाद सीसीएसयू ने रिक्त सीटों पर ओपन मेरिट बनाकर प्रवेश कराने के निर्देश जारी किए। इसके तहत कॉलेजाें में बुधवार और बृहस्पतिवार को छात्र-छात्राओं के ऑफर लेटर जमा किए गए। ऑफर लेटर प्राप्त होने के साथ ही कॉलेज ओपन मेरिट बनाने में जुट गए।
बताया जा रहा है कि ओपन मेरिट से प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं में बीए में सबसे अधिक ऑफर लेटर जमा हुए हैं। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार ओपन मेरिट से बची सीटें भर जाएंगी। डीएवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू अग्रवाल ने बताया कि ओपन मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं के प्रवेश 12 अगस्त तक होंगे। ओपन मेरिट सीसीएसयू की ओर से मिली गाइड लाइन के अनुसार तैयार की जा रही है।