लल्ला बाबू चौराहे पर कार में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान बराबर में की जा रही वेल्डिंग की चिंगारी से सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़ी चार गाड़ियाें को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने गैस सिलेंडर जब्त कर कार मिस्त्री की दुकान को सील कर दिया है।
बता दें कि लल्ला बाबू चौराहे पर गंगेरुआ निवासी मोहम्मद शमशाद कार रिपेयरिंग और गैस रिफलिंग की दुकान चलाता है। आवास विकास कालोनी निवासी तरुण अग्रवाल मिस्त्री के पास अपनी कार ठीक कराने आए थे। एक अन्य कार में शमशाद वेल्डिंग का काम कर रहा था।
बगल में कर्मिशियल गैस सिलेंडर से अवैध रूप से एक अन्य कार में गैस रिफिलिंग की जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस बीच वेल्डिंग करते समय निकली चिंगारी से सिलेंडर में आग लग गई। चंद मिनट में ही आसपास की चार कारों को आग ने चपेट में ले लिया।
मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मी और पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक आग पर काबू पाया जाता चार कारें बुरी तरह जल चुकी थीं। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने मिस्त्री की दुकान सील कर दी है। पीड़ित तरुण अग्रवाल ने कोतवाली में तहरीर दी है।