अनूपशहर। मोहल्ला मदार गेट में बृहस्पतिवार रात विद्युत लाइन में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट या स्पार्क को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। इससे दो घंटे आपूर्ति ठप रही। उर्जा निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बिजली को सुचारु किया।
मोहल्ला निवासी रामकिशन और रवि आदि ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे अचानक विद्युत लाइन में आग लग गई। करीब 10 मिनट तक लाइन से चिंगारियां निकलती रहीं। आग लगने के दौरान पटाखों जैसी आवाजें आने से स्थानीय लोग सहम गए। उन्होंने तत्काल विद्युत विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और विद्युत आपूर्ति बंद कराई। आग से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसकी मरम्मत में लगभग 2 घंटे का समय लगा। रात 10 बजे के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सकी।