खुर्जा की राधा कुंज कॉलोनी में सिलेंडर जलने की घटना के बाद जला सामान। संवाद
खुर्जा। जीटी रोड पर नवीन सब्जी मंडी के पास स्थित राधा कुंज कॉलोनी में गैस सिलिंडर लीकेज होने पर घर में आग लग गई। इससे रसोई, कमरे व अन्य जगह रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। वहीं, कमरे में दो बच्चे फंसे रह गए। इनको कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
राधा कुंज कॉलोनी निवासी भगवत प्रसाद शर्मा ने बताया कि उनके बेटे मनोज शर्मा दादरी स्थित निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। बुधवार को मनोज छुट्टी पर थे और उनके बच्चे छह वर्षीय इशांत और सात वर्षीय मुस्कान भी घर पर ही थे। सुबह सात बजे करीब गैस खत्म हो गई थी तो उन्होंने बदलकर दूसरा सिलिंडर लगाया।
इसके बाद भगवत प्रसाद शर्मा और मनोज घर से बाहर आ गए और बात करने लगे। वहीं, बच्चे अंदर कमरे में खेल रहे थे और उनकी पत्नी बीना व मनोज की पत्नी चांदनी रसोई में काम करने लगीं थी। जैसे ही उन्होंने गैस चालू की तो सिलिंडर में लीकेज के चलते आग लग गई। वह जान बचाकर बाहर की ओर भागीं। उन्होंने आग लगने की जानकारी भगवत प्रसाद व मनोज को दी।
आग पूरी रसोई में फैल चुकी थी और कमरे में भी लपटें आने लगीं तो बच्चों ने शोर मचाया। बच्चों को बचाने के लिए भगवत प्रसाद व मनोज अंदर की ओर भागे। बड़ी मुश्किल से बच्चों को बचाते हुए बाहर आ गए। धीरे-धीरे आग कमरे में भी पहुंच गई। पीड़ित व आस-पड़ोस के लोगों ने पानी व मिट्टी की मदद से आग बुझाना शुरू कर दिया।
वहीं, सूचना पर दमकल की टीम भी पहुंच गई। भगवत प्रसाद का कहना है कि दमकल के पहुंचने से पहले ही वह आग बुझा चुके थे। हादसे में रसोई का सामान, फ्रिज, बिस्तर व अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं, कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिली थी। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाया।