बुलंदशहर। चुनाव आयोग के अति महत्वपूर्ण कार्य निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में सदर एसडीएम के कड़े निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस ने पांच बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनकी लापरवाही से आयोग का निर्धारित कार्य प्रभावित हो रहा था। पुलिस ने विभिन्न अधिकारियों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इन दिनों निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। इसका उद्देश्य त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है। सहायक निर्वाचन अधिकारी-रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व चकबंदी अधिकारी श्याम सिंह राणा ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लतेश बीएलओ के रूप में अपना कार्य ठीक से नहीं कर रही हैं। उनकी लापरवाही से आयोग के कार्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जिस पर नगर कोतवाली पुलिस ने लतेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी राजलक्ष्मी पांडेय ने भी नगर कोतवाली में तहरीर दी। इसके आधार पर शिक्षामित्र ममता शर्मा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समनेश के खिलाफ लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एडीओ-एईआरओ (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) ने भी नगर पुलिस को तहरीर देकर एसआईआर के कार्य में ढिलाई बरतने के आरोप में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नाजिस परवीन और गीता देवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
इस मामले में एसडीएम सदर ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि निर्वाचक नामावली का विशेष पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध और ईमानदारी के साथ पूरा किया जाए। बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद जब इन बीएलओ ने अपने कार्य में अनदेखी जारी रखी, तो एसडीएम ने सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। पुलिस अब दर्ज मामलों की जांच कर रही है।