बुलंदशहर। बारिश के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से मच्छर जनित बीमारियाें का खतरा भी बढ़ने लगा है। प्रतिदिन सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों में बुखार के मरीज उपचार कराने पहुंच रहे हैं। ऐसे में विभाग अलर्ट हो गया हैं। अब बुखार पीड़ितों में डेंगू व मलेरिया के लक्षण होने पर जांच कराई जाएगी। शनिवार को जिला अस्पताल में मलेरिया के 35 व डेंगू के 19 मरीजों की जांच हुई। इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जिला अस्पताल की ओपीडी समेत अन्य सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों में प्रतिदिन बुखार पीड़ित पहुंच रहे हैं। मरीजों की ब्लड जांच कराने पर काफी मरीजों की रिपोर्ट में प्लेटलेट्स भी कम आ रही हैं। वहीं, काफी मरीजों को चार से पांच दिन तक लगातार बुखार आ रहा है। ऐसे में निजी अस्पताल में चिकित्सक मरीजों की डेंगू और मलेरिया की जांच करवाने लगे हैं।
सरकारी चिकित्सालयों में भी मरीजों की मलेरिया व डेंगू की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अभी तक जिले में मलेरिया के 17 एवं डेंगू के दो केस सामने आ चुके हैं। अब एहतियातन सीएमओ ने सभी सरकारी चिकित्सालय प्रभारियों को प्रत्येक बुखार पीड़ित की मलेरिया की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब पर मलेरिया के 35 व डेंगू के 19 और टायफाइड के 55 मरीजों की जांच हुई। मलेरिया एवं डेंगू के सभी मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव रही। जबकि दो मरीजों की टायफाइड रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
Iबारिश में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा रहता है। इसको देख बुखार पीड़ितों की मलेरिया जांच के अलावा डेंगू की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। - डॉ. सुनील कुमार दोहरे, सीएमओI