ज्ञानलोक कॉलोनी में फैला बुखार
बुलंदशहर। सदर तहसील के गांव काहिरा के बाद अब नगर की ज्ञानलोक कॉलोनी में बुखार का कहर है। कॉलोनी में बुखार से एक महिला की मौत हो चुकी है और वर्तमान में 50 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। इनमें पांच लोग जिला अस्पताल और 20 से अधिक निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। जिनका डेंगू बुखार बताकर इलाज किया जा है। लोग बीमारी बढ़ने का कारण कॉलोनी में फैली गंदगी को बता रहे हैं।
नगर की पॉश कॉलोनी आवास विकास से सटी ज्ञानलोक कॉलोनी में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद बुखार का प्रकोप बढ़ा है। कॉलोनी की अधिकांश गलियों में लोग वायरल बुखार की चपेट में आ गए हैं और इसमें छोटे बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्ग भी शामिल हैं। रविवार को टीम कॉलोनी में पहुंची तो संतोष और सचिन ने बताया कि कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से बुखार का प्रकोप बना हुआ है। कॉलोनी में कोई पंजीकृत चिकित्सक न होने पर झोलाछाप से इलाज कराना पड़ता है। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर कुछ लोग निजी अस्पताल में भर्ती हैं तो कुछ लोगों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ये चल रहे बुखार से पीड़ित
दीपक, पायल, पीयूष, पूनम, कान्हा, राजवती, लोकेश, रामेश्वरी, नरेंद्र, भूरा, मनोज, राकेश, सोनम, नीलम, कांती, दीपक सिंह आदि बुखार से पीड़ित हैं। इनमें तीन लोगों की जिला अस्पताल से एनएस-1 किट से जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। चार दिन पूर्व एक चाय विक्रेता के परिवार में महिला की बुखार के चलते मौत हो चुकी है।
मामले की जानकारी के लिए सोमवार को टीम भेजकर जांच करवाई जाएगी। साथ ही कालोनी में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ लोगों का इलाज किया जाएगा। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ