सिकंदराबाद। नगर के मोहल्ला गद्दीवाड़ा में पथराव, फायरिंग प्रकरण में पुलिस कार्रवाई के डर से आरोपियों में खौफ दिखाई दे रहा है। प्रकरण में नामजद आरोपी एक पक्ष के लोग पुराने किसी मामले में जमानत तुड़वाकर जेल पहुंच गए हैं।
बुधवार शाम नगर के मोहल्ला गद्दीवाडा में पुरानी रंजिश को लेकर पूर्व चेयरमैन भोलू उर्फ इरशाद और जन्नैल गाजी पक्ष के लोगों में पथराव, फायरिंग हो गई थी। मामले में पुलिस ने भोलू उर्फ इरशाद, सुहाना, दूसरे पक्ष के जन्नैल गाजी, तबस्सुम समेत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस ने आरोपी भोलू उर्फ इरशाद, सुहाना, जन्नैल गाजी, तबस्सुम को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया था। वहीं, फरार आरोपी अयान को बृहस्पतिवार की रात में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया था। प्रकरण में पुलिस की सख्ती के चलते आरोपियों में पुलिस का खौफ है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी जन्नैल गाजी पक्ष के बब्बू, राजू, शान किसी अन्य मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर जेल चले गए हैं, जबकि उक्त तीनों लोगों को पथराव, फायरिंग प्रकरण में अभी तक आरोपी नहीं बनाया गया था।
वहीं, सीओ पूर्णिमा सिंंह ने बताया कि जो आरोपी जमानत तुड़वाकर जेल गए हैं, वह बीते दिनों हुए विवाद में शामिल रहे हैं या नहीं इसकी जांच की जा रही है। यदि वह भी शामिल थे तो उनका नाम भी तरमीम कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।