बुलंदशहर। कृषि विभाग ने किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसानों को 16 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन करते हुए टोकन जनरेट कराने को कहा है। विभाग की तरफ से यंत्र खरीद व सत्यापन के बाद किसानों के खाते में अनुदान राशि भेजी जाएगी।
उप कृषि निदेशक डॉ. रघुराज सिंह ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि विभाग की ओर से योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं अब एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फार इन-सीटू मैनेजमेंट योजना के तहत किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। किसान अपना आवेदन विभाग की वेबसाइट agriculture.up.gov.in पर जाकर करें। इस पोर्टल पर किसानों को अपना आवेदन करते हुए टोकन जनरेट करना अनिवार्य होगा। पोर्टल पर समय समाप्त होने के बाद कोई आवेदन मान्य नहीं होगा। लक्ष्य अवशेष न रहने पर एवं ई-लाटरी में चयनित न होने वाले किसानों को जमानत धनराशि वापस कर दी जाएगी। चयनित किसान स्वीकृत यंत्र खरीदकर विभाग को सूचित करेगा।
किसानों को योजना के तहत लेजर लैंड, लेवलर, पोस्टहोल, डीगर, पोटैटो प्लांटर, पोटैटो डीगर, शुगर केन कटर प्लांटर, शुगर केन प्रेस कटर, शुगर केन रेटून, मैनेजर, हैरो, कल्टीवेटर, पावर सप्रेयर, मल्टीक्राप थ्रेशर, पावर चैफ कटर, स्ट्रारीपर, ब्रश कटर, मिनी राइस मिल, मिनी दाल मिल, मिलेट मिल, सोलर ड्रायर, आयल मिल विथ फिल्टर प्रेस, पैकिंग मशीन, रोटा वेटर, ट्रैक्टर, माउंटेड, सोयर, ब्रिकेट मेकिंग मशीन, यूरिया डीप प्लेसमेंट एप्लीकेटर, मेज रोलर, हैप्पी सीडर, रीपर कम वाइंडर, एचडीपीएफ पाइप, पीसी पाइप, एचडीपीइ लेमिनेडेट ओविन, फ्लैट ट्यूब (लपेटा) और सामुदायिक ब्रेसिंग फ्लोर आदि कृषि यंत्र सब्सिडी पर मिलेंगे।