खून से लिखी चिट्ठी दिखाते और प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : ब्यूरो
गन्ने का भुगतान नहीं मिलने से गुस्साए किसानों ने डीएम और गन्ना आयुक्त को अपने खून से खत लिखकर पांच नवंबर को जिले की सीमाओं को सील करने की चेतावनी दी है। साथ ही कहा कि इस दौरान कोई किसान आत्मघाती कदम उठाता है तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।
गन्ना समिति के चेयरमैन सुशील कुमार और गन्ना किसानों ने जिलाधिकारी और गन्ना आयुक्त को अपने खून से खत लिखकर कहा है कि हजारों गन्ना किसानों का करोड़ों रुपये का भुगतान नहीं किया गया है। अब भी उन चीनी मिलों के सेंटर लगवाए जा रहे हैं, जिन्होंने भुगतान नहीं किया है।
साथ ही किसानों ने चेतावनी दी है कि उन्हें बकाया भुगतान नहीं किया गया तो पांच नवंबर को जिले की सीमाओं को सील कर देंगे। इसके अलावा कोई भी किसान आत्महत्या करेगा तो वह भी आत्महत्या कर लेंगे। गन्ना समिति के चेयरमैन सुशील कुमार के इस चेतावनी से अफसरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
गौरतलब है कि एक चीनी मिल पर जिले के गन्ना किसानों का अभी करोड़ों रुपये बकाया है। जिला प्रशासन की तरफ से कई एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया है। वहीं, जिला गन्ना अधिकारी का कहना है कि मिल प्रबंधक के खिलाफ भुगतान नहीं करने पर पहले ही एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।