खानपुर में नकली मक्का का बीज देने का आरोप लगाकर हंगामा करते किसान। संवाद
खानपुर। नगर स्थित एक बीज की दुकान पर किसानों ने पैकेट में नकली मक्का बीज निकलने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे जिला कृषि अधिकारी ने बीज का नमूना ले लिया। अब जांच के लिए लैब भेजने की तैयारी की जा रही है।
गांव जवासा के किसान उपेंद्र सिंह, लखपत सिंह, लालमन सिंह और नरेंद्र आदि ने बताया कि उन्होंने नगर स्थित किसान केंद्र से पायनियर कंपनी का पैकेट बंद मक्का का बीज लिया था। आरोप लगाया कि बीज नकली है और उनके खेत में उपजा नहीं है। इसे लेकर किसानों ने यहां पर हंगामा करना शुरू कर दिया। साथ ही उन्होंने बीज विक्रेता से अपने रुपये वापस करने के लिए कहा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
इसकी सूचना जब भारतीय किसान यूनियन टिकैत के युवा जिला अध्यक्ष राकेश लोधी को मिली तो वह मौके पर पहुंचे और किसानों के साथ धरने पर बैठ गए। राकेश ने बताया कि दुकानदार ने क्षेत्र के गांवों में किसानों के पास जाकर पायनियर-1899 मक्का के असली बीज का प्रचार किया है। इसके बाद क्षेत्र के किसानों ने यहां से मक्का का बीज लिया और बुआई की, लेकिन बीज अंकुरित नहीं हुआ।
हंगामे की सूचना पर जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों की मांग पर मक्का के बीज का नमूना जांच के लिए लिया। रामकुमार यादव ने बताया कि मक्का का बीज जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। इसके बाद असली और नकली बीज का पता चलेगा। जांच में नकली मक्का का बीज पाया गया तो दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।