बुलंदशहर। कोतवाली नगर के गांव बहलीमपुरा में अवैध संबंधों का विरोध करने पर सोमवार की रात किसान कृष्णपाल (36) की तौलिए से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। रिश्तेदारों के पहुंचने से पहले ही अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू होने पर हत्या के संदेह की पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मृतक की मां अंगूरी देवी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी पत्नी प्रीति को गिरफ्तार करके हत्या का खुलासा कर दिया।
पुलिस को अंगूरी देवी ने बताया कि उनके तीन बेटी हैं और एक बेटा कृष्ण कुमार था। कृष्ण कुमार की 16 साल पहले थाना खानपुर के गांव थौना निवासी प्रीति से शादी हुई थी। तीनों बेटियों की बहुत पहले शादी हो चुकी है। कृष्ण कुमार गांव में ही रहकर खेती और पशुपालन करते थे। प्रीति फोन पर किसी से घंटों बात करती थी, जिसका कृष्ण कुमार विरोध करता था। पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था। कृष्ण कुमार के साथ प्रीति मारपीट भी करती थी। घटना वाले दिन सोमवार की रात में वह घर के पास में ही घेर में सो रही थी। घर पर बेटा कृष्ण कुमार उसकी पत्नी प्रीति और उनकी आठ साल की बेटी मानसी ही थे। रात करीब 11 बजे उन्होंने घर में अचानक शोर की आवाज सुनी तो वह घर पहुंची। घर पहुंचने पर उसने देखा कृष्ण अचेत अवस्था में पड़ा था। बार-बार आवाज लगाने पर वह नहीं बोला। पूछने पर प्रीति ने बताया कि दोनों में झगड़ा होने के कारण शोर हो रहा था।
पुलिस को आगे बताया गया कि गांव के ही एक चिकित्सक ने देखकर कृष्ण को मृत घोषित कर दिया। अंगूरी देवी ने आरोप लगाया कि अवैध संबंधों के विरोध के चलते प्रीति ने गला घोंटकर उनके बेटे की हत्या कर दी। कृष्ण कुमार के भांजे प्रदीप राजपूत ने बताया कि मामी प्रीति का परिवार में किसी से भी साथ व्यवहार अच्छा नहीं था। मामा की मौत की जानकारी होने पर मंगलवार की सुबह वह और अन्य रिश्तेदार पहुंचे तो उन्हें गले पर निशान दिखाई दिए, जिससे उन्हें गला घोंटकर हत्या का संदेह हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि के बाद आरोपी पत्नी प्रीति को गिरफ्तार कर लिया।
पहले पिलाई शराब फिर की हत्या
कृष्णकुमार के भांजे प्रदीप ने बताया कि विरोध के बावजूद प्रीति के अपने प्रेमी के साथ संपर्क में रहने के कारण उनके मामा मानसिक तनाव में रहते थे। इसी कारण उन्होंने अधिक शराब पीना शुरू कर दिया था। जानकारी करने पर पता चला कि सोमवार को प्रीति ने कृष्ण कुमार को शराब पीने के लिए खुद ही पैसे दिए थे। रात में करीब नौ बजे जब वह घर पहुंचे तो नशे की हालत में होने का फायदा उठाकर मामी प्रीति ने तौलिए से मामा कृष्ण कुमार की गला घोंटकर हत्या कर दी।
बेच रही थी संपत्ति
प्रदीप ने यह भी बताया कि मामी प्रीति मामा की पूरी संपत्ति बेचकर प्रेमी के साथ भाग जाना चाहती थी। कुछ महीने पहले प्रीति ने एक प्लॉट 35 लाख रुपये में बेच दिया था, जिसके रुपये उन्हीं के पास थे। कुछ दिन पहले तीन भैंस बेच दी थीं, दो दिन पहले ही दो भैंस बेची थी, जिनके रुपये भी उनके पास थे। अब वह घर के पास ही पड़े एक प्लॉट को बेचने की फिराक में थी। परिवार के लोगों के विरोध के चलते उन्हें मामा की शेष संपत्ति बेचने में समस्या हो रही थी। इसलिए मामा की हत्या कर दी, जिससे वह उनकी शेष संपत्ति को बेचकर रुपये लेकर अपने प्रेमी के साथ भाग सके। उनके मामा की अब तीन बीघा जमीन के अलावा मकान और एक प्लॉट है।
बच्चों के सिर से साया, मां से छिना बुढ़ापे का सहारा
पिता की मौत और मां के जेल जाने के बाद तीन मासूमों की जिम्मेदारी दादी के कंधों पर
संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। कृष्ण कुमार की मौत और प्रीति के जेल जाने से उनके तीनों मासूम बच्चों के सिर से साया और इकलौते बेटे की मौत से अंगूरी देवी के बुढ़ापे का सहारा छिन गया। अब तीन मासूम पोते-पोती के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उनके बूढ़े कंधों पर आ गई है।
कृष्ण कुमार का बड़ा बेटा आरव (12) नवोदय विद्यालय में कक्षा छह का छात्र है। छोटा बेटा गोलू (11) हॉस्टल में रहकर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है। बेटी मानसी गांव के ही विद्यालय में कक्षा तीन में पढ़ती है। पिता की मौत और मां के जेल जाने के बाद तीनों बच्चों के भविष्य को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है। तीनों बच्चों की आंखों के सामने अब पिता की यादें ही रह गई हैं। बच्चों के सामने अब उनकी बूढ़ी दादी अंगूरी देवी ही सबसे बड़ा सहारा है। परिजनों के मुताबिक अंगूरी देवी को बुढ़ापे में बेटे से सहारे और सेवा की उम्मीद थी, लेकिन हालात ने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी। अब उन्हें अपने तीनों पोते-पोती की परवरिश की चिंता सताने लगी है। परिजनों और ग्रामीणों को भी यही चिंता है कि सीमित संसाधनों के बीच बुजुर्ग दादी बच्चों की पढ़ाई और परवरिश कैसे कर पाएंगी ?
सीओ सिटी प्रखर पांडेय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। पूछताछ में आरोपी पत्नी प्रीति ने बताया कि पति कृष्ण कुमार शराब पीकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इसलिए उसने पति की हत्या कर दी। पुलिस प्रीति के मोबाइल कॉल डिटेल की भी जांच कर रही है।
गांव बहलीमपुरा निवासी कृष्ण कुमार का फाइल फोटो।
गांव बहलीमपुरा निवासी कृष्ण कुमार का फाइल फोटो।