बुलंदशहर। कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने पुत्रवधू पर उनके बेटे को दूध में जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने तहरीर देते हुए बताया कि 12 साल पहले उन्होंने बेटे की शादी जनपद गौतमबुद्धनगर के कस्बा निवासी युवती से की थी। उनके तीन बच्चे हैं। आरोप लगाया कि उनकी पुत्रवधू का एक युवक से प्रेम-प्रसंग होने के चलते वह एक साल से उनके बेटे को परेशान कर रही है। तंग आकर बेटे ने कोर्ट में तलाक का केस डाल दिया। बताया कि प्रेमी दबंग किस्म का है, कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के बाद भी उनपर दबाव बनाकर पुत्रवधू को उनके घर पर ही रखा हुआ है। मंगलवार की रात में बेटे की पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप लगाया कि पुत्रवधू ने उनके बेटे को दूध में जहर मिलाकर दे दिया। दूध को पीने के बाद उनके बेटे की तबीयत खराब होने लगी। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। उनके अस्पताल जाने पर पुत्रवधू कहीं चली गई। आरोप लगाया कि पुत्रवधू उनके बेटे की हत्या करना चाहती है। वहीं, प्रेमी उनके बेटे की हत्या कराने की फिराक में है। पीड़ित ने आरोपी पुत्रवधू और उसके प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।