जहांगीरपुर। गांव नेकपुर निवासी पीड़ित किसान पवन कुमार शर्मा से फर्जी खतौनी दिखाकर 12.50 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर जहांगीरपुर थाने में एक महिला सहित परिवार के तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज किया गया है।
पीड़ित ने बताया कि तीन मई को गांव जवां निवासी सुनील व उसका भाई सुधीर ने खुद को एक जमीन का मालिक बताते हुए खतौनी दिखाई। जमीन खरीदने की सहमति पर पवन ने तीन मई को आठ लाख रुपये सुनील के खाते में जमा किये। 13 मई को चार लाख पचास हजार रुपये चेक के जरिए सुधीर की पत्नी पिंकी के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
बाद में दस्तावेजों की जांच कराई तो पता चला कि आरोपियों ने पहले ही वह जमीन किसी और को बेच रखी थी और यह तथ्य छिपाकर धोखाधड़ी की गई। आरोप है कि पैसे वापस मांगने या रजिस्ट्री कराने की बात पर आरोपी टालमटोल करने लगे और गाली गलौज कर झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी देने लगे।
पीड़ित का आरोप है थाने से लेकर एसएसपी दफ्तर तक शिकायत देने पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर बृहस्पतिवार को जहांगीरपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।