पत्रकार वार्ता करते रालोद के प्रदेश संगठन महामंत्री राजकुमार सांगवान।
- फोटो : BULANDSHAHR
गन्ना भुगतान और मूल्य जल्द न बढ़ाने पर सड़क व रेल ट्रैक जाम करेगी रालोद
बुलंदशहर। राष्ट्रीय लोकदल पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानूनों को वापस ले, अन्यथा रालोद सड़क पर उतरने को मजबूर होगी। पार्टी किसानों के साथ है। गन्ना भुगतान और गन्ना मूल्य जल्द न बढ़ने पर पार्टी सड़क और रेल ट्रैक जाम करेगी। इन सभी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता 23 दिसंबर को उपवास करेंगे।
रालोद के प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. राजकुमार सांगवान रविवार को यहां पर पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के तीनों कृषि कानून किसान हित में नहीं हैं। किसानों की जमीन को पूंजीपतियों के हाथ में देने और इस बिल के खिलाफ रालोद सड़कों पर उतरकर सरकार की ईंट से ईंट बजाने का काम करेगी। इस काले कानून के खिलाफ रालोद किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ देगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की चीनी मिलों की मिलीभगत के कारण अभी तक किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं हो सका है। अभी तक गन्ना मूल्य भी सरकार ने नहीं बढ़ाया है। यदि सरकार ने जल्द भुगतान नहीं किया और 500 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का रेट निर्धारित नहीं किया तो इसके विरोध में रालोद सड़क और रेल ट्रैक जाम करने को मजबूर होगी। इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। सांगवान ने कहा कि सरकार ने बिजली बिलों में बेतहाशा वृद्धि करके किसान विरोधी होने का परिचय दिया है। आने वाले चुनाव में किसान और युवा मिलकर सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। राजकुमार सांगवान ने यह भी चेतावनी दी कि इन सभी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता उपवास करेंगे। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।