संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। गांव कैथाला के ग्रामीणों ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि 26 जुलाई 2023 को गांव के ही युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। मृतक की बहन दारोगा है और पुलिस अधिकारियों से मिलकर पिता-पुत्र सहित तीन के खिलाफ फर्जी हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया है। जांच में मामला फर्जी निकला है। इसके बाद भी पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करने पर आमदा है। एसएसपी ने पीड़ितों को क्राइम ब्रांच से निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है।
एसएसपी कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि गांव कैथाला थाना गुलावठी निवासी सुंदरपाल सीआरपीएफ में सब इंस्पेक्टर हैं। कई साल से वह मणिपुर में तैनात हैं। उनका भाई मनोज रेलवे विभाग में और बेटा प्रशांत बीकाम का छात्र है। घटना वाले दिन सुंदरपाल की मृतक बॉबी से फोन पर 10 सेकेंड बात हुई थी। जिसके बाद 26 जुलाई 2023 को बाॅबी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था।
बताया कि बॉबी की बहन दारोगा है और उसकी शह पर गुलावठी पुलिस ने सुंदरपाल, उनके बेटे प्रशांत और भाई मनोज के खिलाफ आत्महत्या को प्रेरित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया। पीड़ितों ने बताया कि गुलावठी थाना प्रभारी ने विवेचना की तो मामला फर्जी पाया गया। इसके बाद भी मृतक की बहन पुलिस पर तीनों को जेल भेजने का दबाव बना रही है। फर्जी मुकदमा दर्ज होने से आरोपी और परिजन मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। पीड़िताें ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर मुकदमा स्पंज कराने की मांग की है। मौके पर जीत सिंह, ओमप्रकाश, अजय, राजसिंह, राकेश, रामवीर, ओमवीर, धीरज, बीनू, आकाश आदि मौजूद रहे।