थाना सलेमपुर क्षेत्र के गांव लक्ष्मणगढ़ी में फूड प्वाइजनिंग के कारण एक ही परिवार के आठ लोगों की तबियत बिगड़ गई। बीमारों को आनन फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीमारों में एक नवजात भी शामिल है। फिलहाल सभी का उपचार चल रहा है, तीन की हालत गंभीर है।
शिकारपुर क्षेत्र के गांव लक्ष्मणगढ़ी निवासी अर्जुन के परिवार ने बुधवार शाम रोजाना की तरह खाना खाया था। बताया गया कि खाने में दाल-रोटी के अलावा दलिया भी खाया था। खाना खाने के बाद परिजनों की हालत बिगड़ती चली गई। देखते ही देखते एक-एक करके सभी को उल्टी होने लगी और गश खाकर गिरने लगे।
आनन फानन में परिजनों ने सभी को सीएचसी में भर्ती कराया। इसके बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर बृहस्पतिवार को सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन की हालत गंभीर और पांच की स्थिर बताई जा रही है।
बीमार लोगों में भावना (12), गौरव (13), अंजनि (8), नीतू (30), गुंजन (2), शीतल (16), लता (18) और नवजात टेकचंद शामिल हैं। नीतू, अंजनि और गौरव की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उपचार कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि खाने में कोई छिपकली आदि गिर गई है, जिसके कारण इनकी हालत बिगड़ी है।
वहीं परिजनों का कहना है कि उन्होंने बुधवार शाम को अरहर की दाल के साथ रोटी और दलिया खाया था, जिसके बाद से ही स्थिति बिगड़ती चली गई। डॉक्टर राजीव वर्मा का कहना है कि अभी सभी का उपचार चल रहा है। जल्द ही सभी की तबीयत बेहतर होते ही सभी को छुट्टी दे दी जाएगी।