नगर कोतवाली पुलिस ने फर्जी मार्कशीट, सनद और टीसी समेत अन्य दस्तावेज बनाकर बेचने वाले गिरोह के सरगना समेत तीन को गिरफ्तार किया है। उनके पास से फर्जी मार्कशीट, प्रिंटर, लैपटॉप और फर्जी मुहर बरामद हुई हैं। तीनों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि गौतमबुद्धनगर के कासना थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी जगवीर सिंह पुत्र जयकरन सिंह ने शनिवार शाम सूचना दी कि फर्जी मार्कशीट व सर्टिफिकेट बनाने वाला गिरोह रोडवेज बस अड्डे पर खड़ा है। पुलिस ने दबिश देकर बसअड्डे के सामने पेड़ के नीचे खड़े तीनों लोगों को पकड़ लिया।
उनके पास से चार हाईस्कूल की फर्जी मार्कशीट, चार इंटर मीडिएट की फर्जी मार्कशीट, एक फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र, एक फर्जी टीसी, दो मोहरें, एक पैड, 22 कोरे कागज ड्राइंग पेपर, एक प्रिंटर, एक कीबोर्ड, एक मॉनीटर, एक छोटा बैग बरामद हुआ। तीनों की पहचान रवि उर्फ रविंद्र पुत्र प्रेमपाल निवासी गांव वहाय जिला अलीगढ़, दीपक पुत्र नत्थू सिंह निवासी गांव ढरा जिला अलीगढ और लवेश उर्फ अरसित चौधरी पुत्र नरेंद्र निवासी धनौरा थाना ककोड़ के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान तीनों ने बताया कि वह लोगों को 20-20 हजार रुपये में फर्जी मार्कशीट व सनद तैयार कर बेच चुके हैं। इसके अलावा फर्जी टीसी, चरित्र प्रमाण पत्र व अन्य दस्तावेज तैयार कर बेचते थे। जमालपुर गांव निवासी जगवीर सिंह पुत्र जयकरन सिंह ने बताया कि इस गिरोह ने भतीजे मोहित को भी असली मार्कशीट बताकर फर्जी मार्कशीट बनाकर दी थी। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।