पोस्टमार्टम हाउस पर बैठे मृतक फैक्टरीकर्मी धर्मपाल सिह के परिजन। संवाद
बुलंदशहर/सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में कार्य करने वाले एक व्यक्ति का शव शनिवार की सुबह घर के पास मिला। मृतक शुक्रवार की शाम ड्यूटी पर जाने के लिए कहकर घर से गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव फतेहपुर जनपद अलीगढ़ निवासी राकेश ने बताया कि उनके पिता धर्मपाल सिंह (62) सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में बॉयलर पर कार्य करते थे। वह औद्योगिक क्षेत्र की तेज सिंह कॉलोनी में उनकी बहन नीलम के पास रहते थे। बहन नीलम ने उन्हें बताया कि शुक्रवार की शाम पिता घर से ड्यूटी पर जाने के लिए कहकर गए थे। शनिवार की सुबह उन्हें जानकारी की मिली कि पिता कॉलोनी में घर से कुछ दूरी पर मृत अवस्था में पड़े हुए है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया कि मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं। सभी शादीशुदा हैं। दोनों बेटे गांव में ही रहकर निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान प्रकाश में आया कि मृतक शराब पीने का आदि था। पुलिस घटना की जांच कर रही हैं।