मुठभेड़ के बाद खुर्जा के जटिया अस्पताल में मौजूद घायल बदमाश। संवाद
- फोटो : Samvad
खुर्जा। नगर कोतवाली पुलिस और अपहरण व हत्या में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच शनिवार शाम को मुठभेड़ हुई। इसमें बदमाश के दोनों पैर में गोली लगी। उसे जटिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
खुर्जा सीओ शोभित कुमार ने बताया कि शनिवार शाम को खुर्जा नगर पुलिस सिकंदराबाद मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार एक युवक को आते देखा तो उसको रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख बदमाश सीकरी गांव के जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस ने आरोपी का पीछा किया। खेत के रास्ते में बदमाश की बाइक फिसल गई और वह वहीं गिर गया।
पुलिस से घिरता देख आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। दोनों पैरों में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान कुश चौधरी निवासी दत्तावली गांव जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी खुर्जा नगर से अपहरण व हत्या की धारा में वांछित चल रहा था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
सीओ ने बताया कि आरोपी से चोरी की बाइक व एक तमंचा बरामद किया गया। जांच में पता चला कि आरोपी पर पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, लूट, मारपीट व अन्य धाराओं में 18 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।