बुलंदशहर। बारिश के बाद धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ी है। इससे मोतियाबिंद की समस्या से जूझ रहे मरीजों की समस्या भी बढ़ गई है। वर्तमान में जरूरी होने पर सप्ताह में दो या तीन मरीजों की आंखों के ही ऑपरेशन हो रहे हैं। शेष को दो माह बाद का समय दिया जा रहा है। वहीं, उमस बढ़ने पर लोग सर्दी, जुकाम और वायरल बुखार की चपेट में भी आ रहे हैं। जिला चिकित्सालय के नेत्र विभाग की ओपीडी में पूर्व में पांच से आठ मरीजों की आंखों में मोतियाबिंद होने पर ऑपरेशन हो रहे थे। अब बारिश के बाद गर्मी और उमस बढ़ने पर आंखों के ऑपरेशन कम कर दिए हैं। नेत्र सर्जन डॉ. तेज सिंह ने बताया कि अधिक उमस होने पर मरीजों को आगे की तारीख दी जा रही है।
उमस से वायरल बुखार व अन्य बीमारियों की चपेट में आ रहे लोग
जिला चिकित्सालय की ओपीडी में उमस बढ़ने पर प्रतिदिन वायरल बुखार व सर्दी-जुकाम के 200 से 250 मरीज परामर्श लेने के लिए पहुंच रहे हैं। जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. परवेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम में तब्दीली के साथ ही मरीजों की संख्या भी बढ़ जाती है। इन दिनों ओपीडी में वायरल बुखार के मरीज अधिक आ रहे है। सभी को घरों के आस-पास साफ-सफाई व अन्य जरुरी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
गर्मी और उमस के कारण मोतियाबिंद के ऑपरेशन की संख्या कम कर दी हैं। जिससे मरीजों को परेशानी न हो। ओपीडी में इन दिनों वायरल और सर्दी-जुकाम के मरीज भी बढ़े हैं। सभी का उचित उपचार किया जा रहा हैं। - डॉ. प्रदीप राणा, प्रभारी सीएमएस जिला चिकित्सालय