बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक और परास्नातक स्तर के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा स्थगित होने पर छात्र-छात्राओं ने राहत की सांस ली है। अब काेर्स पूरा हो सकेगा और छात्र-छात्राओं को तैयारी का समय भी मिल गया है। विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 नवंबर से प्रस्तावित थीं।
जिले में 78 कॉलेज संचालित हैं। इनमें स्नातक और परास्नातक में व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के करीब 25 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। स्नातक स्तर पर अभी तक कई पाठ्यक्रमों की कक्षाओं का संचालन नहीं हो सका है। इनमें प्रवेश प्रक्रिया जारी है। वहीं, परास्नातक की कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया बुधवार तक चली। ऐसे में इन कक्षाओं का भी अभी संचालन नहीं हो सका है। पिछले दिनों स्नातक और परास्नातक स्तर के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों परीक्षा 17 नवंबर से प्रस्तावित की थी। इसके लिए समयसारिणी भी जारी कर दी थी।
इस निर्देश के जारी होने के बाद छात्र-छात्राओं को चिंता हो गई थी कि बिना 90 दिन की पढ़ाई पूरी किए परीक्षा कैसे दी जा सकती है। यदि सीसीएसयू की ओर से यह परीक्षा कराई गई तो छात्र-छात्राओं के परिणाम पर भी विपरीत असर पड़ेगा। डीएवी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू अग्रवाल ने बताया कि अब यह परीक्षा स्थगित हो गई है। इसके चलते अब छात्र-छात्राओं का कोर्स भी पूरा हो जाएगा। अब यह परीक्षा सीसीएसयू की ओर से जारी किए जाने वाले आगामी निर्देश और समयसारिणी जारी होने पर होगी।