यूपी के बुलंदशहर जिले के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी मुस्तकीम ने पत्नी को मायके भेजने से नाराज होकर पड़ोसी मोहल्ला खीरखानी में रहने वाली अपनी साली की चाकू से वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने साली के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। शोर शराबा होने पर मृतका के पड़ोसी युवक के पहुंचने व बीच बचाव करने पर आरोपी ने उसे भी चाकू मारकर घायल कर दिया और धमकी देता हुआ फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
नगर के मोहल्ला खीरखानी निवासी इशाक ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम कर अपना व परिवार का पालन पोषण करते हैं। बुधवार शाम को उनकी पत्नी नजमा (42) घर पर ही मौजूद थीं और वह खुद पहली मंजिल पर आराम कर रहे थे। जबकि, उनकी पुत्रवधू रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान देर शाम करीब सात बजे उनके पड़ोसी मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी उनका साढ़ू मुस्तकीम उनके घर पर पहुंचा और उनकी पत्नी से झगड़ने लगा। शोर होने पर इशाक की आंख खुलीं। बताया कि बीते दिनों मुस्तकीम की पत्नी पमिया ईद के अवसर पर रहने के लिए उनके घर आई थी। लेकिन, दो दिन पूर्व नजमा ने उसे अपने मायके बिहार कुछ दिन रहने के लिए भेज दिया था। इस बात की जानकारी होने के बाद से ही आरोपी मुस्तकीम नाराज था।
मुस्तकीम शराब पीने का आदी है। वह बुधवार शाम को भी शराब के नशे में उनके घर आया और झगड़ा करने लगा। साथ ही आरोपी ने इसी दौरान उनकी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाला उनके पुत्र जीशान का दोस्त अफजल वहां आ गया। अफजल आरोपी के हाथ को पकड़ने का प्रयास करने लगा तो उसने उस पर भी हमला कर दिया। इसमें अफजल का कान कट गया, जिसके बाद आरोपी वहां से धमकी देता हुआ भाग गया।
जिसके बाद परिजन तभी घायल नजमा और अफजल को लेकर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से नजमा को कैलाश अस्पताल और अफजल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। कैलाश अस्पताल पहुंचने पर नजमा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। देर रात तक मामले में कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी जा सकी है।
आरोपी कई दिनों से कर रहा था हंगामा
मोहल्ला निवासी एक युवक ने बताया कि बीते चार पांच दिनों से पीड़ित परिवार के घर झगड़ा हो रहा था। आरोपी शराब के नशे में रोजाना तमाशा करता था। इसी तरह बुधवार को भी घर के बाहर हंगामा हो रहा था तो किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। चाकू लगने के बाद दोनों इशाक की दोनों पुत्रवधुओं ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन, तब तक आरोपी भाग चुका था।
परिजनों से पूछताछ व प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक मुस्तकीम और उसकी पत्नी पमिया के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। ईद के दिन आरोपी युवक ने शराब के नशे में पमिया के साथ मारपीट की थी। इसके बाद पमिया अपनी बहन नजमा के घर आ गई थी। जहां से नजमा ने पमिया को बिहार में स्थित अपने मायके भेज दिया था। आरोपी मुस्तकीम इसी बात से नाराज था। इसी के चलते बुधवार रात को वह नजमा के घर आया और चाकू से हमला कर दिया। इसी बीच बचाव में अफजल घायल हो गया।
- शोभित कुमार, सीओ खुर्जा
इशाक की पहली पत्नी की 20 साल पहले हो गई थी मौत
इशाक ने बताया कि वह राजमिस्त्री का कार्य करते हैं और बेटे जीशान व रिजवान पॉटरी में मजदूरी करते थे। 20 साल पहले उनकी पहली पत्नी समीना की बीमारी से मौत हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने नजमा से दूसरा निकाह किया था। उनकी भी मौत हो गई, जिसके बाद से वह पूरी तरह से टूट गए।