बुलंदशहर। जिले में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए दूसरे चरण की प्रकिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल शहर के पांच मोहल्लों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद यह मीटर स्मार्ट प्रीपेड मीटर के तौर पर कार्य करेंगे। साथ ही पहले चरण में सरकारी कार्यालय पर भी स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया चल रही है।
बिजली के अधिक बिल, बिल जमा न होने पर कनेक्शन काटने, मीटर रीडर द्वारा अधिक रीडिंग का बिल बनाने समेत अन्य समस्याओं को दूर करने के लिए विभाग की ओर से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता एसके पांडे ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद प्रतिमाह बिल बनाने व मीटर रीडिंग के लिए कर्मचारी के जाने का झंझट नहीं होगा।
इसके अलावा बिल समय पर जमा न करने वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन निश्चित तारीख के बाद कट जाएगा। पहले चरण में सरकारी कार्यालय पर स्मार्ट मीटर लगाने के बाद अब दूसरे चरण में शहर के पांच मोहल्लों में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल शांति निकेतन, डीएम रोड स्थित शिकारपुर कंपाउंड, हरिएन्क्लेव, राज नगर और सूर्य नगर प्रथम में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के हैं। इन मोहल्ले के करीब पांच हजार उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।
सॉफ्टवेयर अपडेट होने पर हो जाएगा प्रीपेड
स्मार्ट मीटर को प्रीपेड मीटर में बदलने के लिए अभी तक सॉफ्टवेयर तैयार नहीं हो सका है। जिसके चलते इस मीटर पर भी फिलहाल सामान्य मीटर की तरह मीटर रीडर द्वारा रीडिंग लेकर बिल तैयार किया जाएगा। जबकि सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद यह प्रीपेड मीटर में बदल जाएगा और उपभोक्ताओं को मोबाइल रीचार्ज की तरह पहले रीचार्ज करना होगा और फिर बिजली का उपयोग किया जाएगा।
शहर के पांच मोहल्ले में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। अभी सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं हुआ है, जिसके चलते प्रीपेड की सुविधा अभी नहीं मिलेगी। जल्द ही प्रीपेड की सुविधा को भी चालू कराया जाएगा। - राजीव अग्रवाल, मुख्य अभियंता, ऊर्जा निगम