खुर्जा। क्षेत्र की आठ से अधिक कॉलोनियों में रविवार सुबह तीन बजे से दोपहर तीन बजे तक 12 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बिजली नहीं आने के कारण लोगों को पानी की किल्लत भी झेलनी पड़ी।
शनिवार रात बारिश होने के कारण रविवार तड़के तीन बजे खुर्जा के किला मार्ग रोड, सिद्धेश्वर मंदिर रोड, नव दुर्गा शक्ति मंदिर कॉलोनी, मुरारी नगर और चमन विहार कॉलोनी समेत आठ कॉलोनियों में बिजली गुल हो गई। रातभर कॉलोनियों अंधेरे में पसरी रही। बारिश और अंधेरा होने कारण ऊर्जा निगम की ओर से फॉल्ट की भी जांच नहीं की गई। रविवार सुबह भी लगातार बारिश होने के कारण आपूर्ति चालू नहीं हो सकी।
पूरे दिन बिजली न होने से इनवर्टर भी बंद हो गए। ऐसे में घरेलू गतिविधियां प्रभावित रहीं। दोपहर दो बजे के बाद ही विद्युत लाइन और ट्रांसफार्मर में फॉल्ट ठीक किया गया। दोपहर तीन बजे के बाद आपूर्ति चालू की गई। एसडीओ का कहना है कि बारिश के चलते विद्युत लाइन में फॉल्ट हो गया था, जिसको ठीक कराके सप्लाई चालू कर दी गई है।