बुलंदशहर। जिले में शुक्रवार रात को आंधी और झमाझम बारिश के चलते 300 से अधिक गांवों और खुर्जा की 20 कालोनियों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही। शनिवार दोपहर के समय बिजली सप्लाई चालू होने से लोगों को राहत मिली। इसके साथ ही खेतों में खड़ी फसल के बर्बाद होने से किसान परेशान हैं।
शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते जिले के तीन सौ से अधिक गांवों और शहरी क्षेत्र में बिजली सप्लाई प्रभावित हो गई। देर रात करीब 12 बजे तक शहर की सप्लाई चालू हो गई, लेकिन गांवों की सप्लाई चालू नहीं हो पाई। इसके अलावा खुर्जा क्षेत्र की 20 से अधिक कालोनियों में भी फाल्ट के कारण रात भर बिजली सप्लाई प्रभावित रही। वहीं, तेज हवा के साथ बारिश ने फिर किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया। किसान जब शनिवार की सुबह खेतों पर पहुंचे तो अपनी गिरी गेहूं, जौ, सरसों समेत अन्य फसलों को देखकर परेशान हो गए। किसान गंगा प्रसाद, प्रेम सिंह, मोहन और मुकेश ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश से फसलों के नुकसान की चिंता सताए जा रही थी और अब एक बार फिर से बारिश ने फसलों का नुकसान बढ़ा दिया। जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश से 45 हजार हेक्टेयर से अधिक गेहूं और सरसों बारिश के चलते खराब हो गई है।
ऊर्जा निगम के चीफ इंजीनियर वीके मिश्र ने कहा कि आंधी-बारिश के कारण कुछ स्थानों पर फाल्ट और ब्रेक डाउन की समस्या हुई थी। इसके चलते बिजली सप्लाई प्रभावित हुई। शनिवार दोपहर तक समस्या को दूर करते हुए बिजली सप्लाई चालू करा दी गई।