ऊंचागांव। दौलतपुर कलां बिजलीघर से जुड़े 18 गांवों में सोमवार तड़के गुल हुई बिजली देर शाम तक चालू नहीं हुई। स्थिति यह रही कि 11 केवीए लाइन में हुए फाल्ट को ठीक करने में कर्मचारियों को पूरा दिन लग गया। इसके चलते गांवों में लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा।
दौलतपुर कलां विद्युत उपकेंद्र से गांव नरसेना, मोहम्मदपुर, बरवाला, बलरामपुर, घुंघरावली, युनिसपुर, कपसाई समेत करीब 18 गांवों को बिजली सप्लाई होती है। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को सुबह करीब चार बजे बिजली गुल हो गई। बारिश के कारण बिजली गुल होने के बाद कर्मचारी फॉल्ट ढूंढ़ने के लिए निकलते तो पता चला कि 11 केवीए लाइन ब्रेकडाउन होने के चलते बिजली सप्लाई प्रभावित हुई है। फॉल्ट मिलने पर दिन भर कर्मचारी फॉल्ट ठीक करते रहे, लेकिन सप्लाई चालू न होने के कारण उमस भरी गर्मी में लोगों को परेशानी हुई। बिजली सप्लाई न होने से लोगों को पेयजल और पशुओं के चारे के लिए भी परेशान होना पड़ा। ग्रामीण राजू, फखरुद्दीन, जमील, भुवनेश्वर शर्मा, रवि कुमार, हनीफ खां ने बताया कि क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी या तेज हवा चलने के साथ बिजली सप्लाई प्रभावित हो जाती है। बिजली के जर्जर तार आए दिन टूटते हैं और लाइनें ब्रेकडाउन होती हैं, लेकिन अधिकारी समस्या का समाधान करने के लिए तैयार नहीं हैं। इस संबंध में ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बारिश में फाल्ट के कारण बिजली सप्लाई प्रभावित हुई है। कर्मचारी फाल्ट को ठीक करने में लगे हैं।