बुलंदशहर। कड़ाके की सर्दी में हाईटेंशन लाइन के ब्रेक डाउन होने के चलते मंगलवार को शहर के 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली कटौती से परेशानी हुई। तड़के करीब चार बजे से सुबह नौ बजे तक बिजली सप्लाई न होने से लोगों को पानी की किल्लत भी झेलनी पड़ी।
मंगलवार तड़के करीब चार बजे 33 केवीए लाइन में ब्रेकडाउन हो गया। जिसके चलते नगर के हाइडिल काॅलोनी, अंसारी रोड बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही। सुबह के समय बिजली सप्लाई न होने के कारण लोगों को पीने, नहाने और कपड़े धोने के साथ दैनिक कार्यों के लिए भी पानी नहीं मिला। जिन घरों में सबमर्सिबल लगे हुए हैं, वह भी बिजली के बिना चालू नहीं हो सके। इसके अलावा नगर पालिका की ओर से भी कम पेयजल सप्लाई के चलते लोग परेशान हुए। सुबह ड्यूटी जाने वाले लोगों को गर्म पानी नहीं मिल सका। सुबह करीब नौ बजे बिजली सप्लाई चालू होने पर लोगों को राहत मिली। इस दौरान नगर के शास्त्री नगर, बाईपास रोड, राधा नगर, आदर्श नगर, टीचर्स कालोनी, खुर्जा अड्डा, अंसारी रोड, रेलवे रोड, अस्पताल रोड, चांदपुर रोड समेत अन्य क्षेत्रों के 10 हजार से अधिक घरों में बिजली सप्लाई गुल रही। मामले में एक्सईएन अभिषेक कुमार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन ब्रेकडाउन होने के कारण उपभोक्ताओं को समस्या हुई। लाइन की मरम्मत कराते हुए सप्लाई चालू करा दी गई थी।