बिजली चोरों के खिलाफ विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। रातभर अभियान चलाकर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसडीओ सदर की अगुवाई में बिजली चोरी रोकने के लिए बीती रात नौ बजे से 11 बजे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
नगर के ऊपरकोट, फैसलाबाद, काली नदी रोड, सब्जी मंडी, धमैड़ा अडडा रोड, देवीपुरा, अनूपशहर अड्डा रोड, टांडा, स्याना अड्डा रोड, कांशीराम आवासीय आदि तमाम कालोनियों में पावर कारपोरेशन ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 60 लोग बिजली चोरी करते पाए गए। 12 से अधिक उपभोक्ता क्षमता से अधिक बिजली कंज्यूम करते मिले।
32 उपभोक्ताओं से मौके पर समन शुल्क वसूला गया, जो लोग समन शुल्क नहीं जमा कर पाए, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है। शहर में बड़े स्तर पर हो रही बिजली चोरी से गर्मी में फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या खड़ी हो गई है। पावर कारपोरेशन को राजस्व हानि भी उठानी पड़ रही है।
बिजली चोरी रोकने के लिए रात 9 बजे से रात 11 बजे तक अभियान चलाया गया। 28 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। 32 उपभोक्ताओं से समन शुल्क भी वसूला गया। - संजय कुमार, पावर एसडीओ, सदर