जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद भी जर्जर हो चुके संपर्क मार्गों का निर्माण न होने से गुस्साए दीनौल गांव के ग्रामीणों ने रविवार को चुनाव बहिष्कार का एलान किया है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो जाता वह मतदान नहीं करेंगे।
सिकंदराबाद मार्ग स्थित दीनौल गांव से धराऊ गांव जाने का संपर्क मार्ग और हाइवे के लिए संपर्क मार्ग काफी जर्जर हो चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले बीस सालों के दौरान दोनों मार्गों का निर्माण नहीं कराया गया। शिकायत के बाद विधान सभा और लोक सभा चुनावों के दौरान जनप्रतिनिधि मार्ग निर्माण कराने का आश्वासन कई बार दे चुके लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
संपर्क मार्गों परा चलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने एकत्रित होकर इस बार विधान सभा चुनाव का बहिष्कार करने का एलान किया। ग्रामीणों ने कहा कि वह तब तक वोट नहीं देंगे जब तक उनके गांव की सड़क का निर्माण नहीं हो जाता। इस दौरान प्रेमचंद्र, देवदत्त शर्मा, गजराज सिंह, योगेन्द्र सिंह, निहाल सिंह, होशियार सिंह, ओमवीर, कुशल सिंह, उपदेश लाखन आदि कई लोग रहे।