खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र के मदार दरवाजा मोहल्ला में पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर वृद्ध ने तेल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने किसी तरह वृद्ध को समझाया और शांत कर कोतवाली ले गए। पूर्व में दी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कराई।
zमदार दरवाजा मोहल्ला में 27 सितंबर को दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई थी। इसमें एक पक्ष अनिल ने पुलिस को तहरीर देकर मारपीट करने की शिकायत दी थी।
इसमें पुलिस ने पड़ोसी डेविड संतोषी, उसके पिता राजकुमार संतोषी व अन्य पर रिपोर्ट दर्ज कर दी थी। इस मामले में डेविड की मां धर्मवती ने भी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस की ओर से क्रॉस एफआईआर नहीं की गई।
इसी बात पर दूसरा पक्ष नाराज हो गया। ऐसे में पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर करते हुए 60 वर्षीय राजकुमार संतोषी रविवार को अपने कमरे में बंद हो गए। तेल डालकर खुद को आग लगाने लगे। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजकुमार को समझाया और उनको घर से बाहर निकाला।
इसके बाद कोतवाली ले गए। जहां पर उनकी काउंसलिंग की गई और शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई।
सीओ शोभित कुमार अत्री ने बताया कि पूर्व में सभी साक्ष्य और वीडियो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। रविवार को आत्मदाह के प्रयास की सूचना पर पुलिस टीम गई थी, जहां पर वृद्ध के समझाया गया। उनके पक्ष की तहरीर पर मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई।