बुलंदशहर। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बृहस्पतिवार शाम हादसे में घायल बुजुर्ग ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल होने के बाद परिजनों ने बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर बता रेफर करने की बता कही। उधर, बुजुर्ग की मौत पर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर विरोध जताया।
कमालपुर गांव निवासी 80 वर्षीय अमरपाल को एक अज्ञात कार सवार ने टक्कर मार दी थी। हादस में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पोते राजकुमार ने बताया कि दादा को जिला अस्पताल लेकर आए, यहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद भर्ती कराया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों के हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराकर शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही।
सीएमएस डॉ.राजीव प्रसाद ने कहा कि बुजुर्ग को गंभीर अवस्था में लाया गया था। प्राथमिक उपचार कर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया था। परिजन उन्हें लेकर नहीं गए और अस्पताल में भर्ती करा दिया। उपचार में कोई लापरवाही नहीं बरती गई। बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है।