-स्याना नवीन मंडी में दुकान के टूटे पड़े ताले।संवाद
स्याना। नवीन मंडी में शनिवार की रात चोरों ने एक के बाद एक आठ आढ़तियों की दुकानों के ताले तोड़ दिए और गल्लों में रखी लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी साथ ले गए।
रविवार सुबह जब आढ़ती मंडी पहुंचे तो चोरी का पता चला। वारदात से गुस्साए व्यापारियों ने तत्काल मंडी गेट पर ताला जड़ दिया और धरना प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत कराया। गुड़ गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने बताया कि नवीन मंडी में आढ़ती दीपेश, मूलचंद अग्रवाल, संदीप सिंघल, अतुल अग्रवाल, अर्चित अग्रवाल, शरद गुप्ता, विनय अग्रवाल और रामवीर सिंह की दुकानें हैं। शनिवार की रात को इन सभी आठ दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया। रविवार सुबह जब आढ़ती अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो हैरान रह गए। उन्होंने देखा कि आठों दुकानों के पीछे के ताले टूटे हुए थे और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने दीपेश की दुकान से 28 हजार की नकदी, मूलचंद अग्रवाल की दुकान से 20 हजार की नकदी, संदीप की दुकान से 20 हजार नकदी, ,अर्चित अग्रवाल की दुकान के गल्ले से 62 हजार की नकदी व सीसीटीवी की डीवीआर चोर अपने साथ ले गए हैं। इसके अलावा अन्य व्यापारी भी अपने यहां हुई चोरी का आकलन कर रहे हैं।
चोरी की घटना से मंडी के सभी आढ़ती और व्यापारी आक्रोशित हो उठे। उन्होंने एकजुट होकर मंडी के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था लचर है, जिसके कारण इतनी बड़ी वारदात हुई है। बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापार करना मुश्किल हो गया है। पूर्व में भी हुई चोरी की वारदातों का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है।