शिक्षा रत्न और शिक्षा ज्योति सम्मान से नवाजे जाएंगे शिक्षक
बुलंदशहर। परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के लिए एक अच्छी खबर है। यदि वह अच्छा काम करते हैं तो उन्हें बुलंदशहर शिक्षा रत्न और बुलंदशहर शिक्षा ज्योति सम्मान से नवाजा जाएगा। बीएसए ने शिक्षकों की हौसलाअफजाई के लिए यह निर्णय लिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में 2399 परिषदीय स्कूल हैं। इनमें करीब आठ हजार शिक्षक, शिक्षामित्र और अन्य कर्मचारी तैनात हैं। जनपद में ऐसे भी शिक्षक हैं जो शिक्षा के प्रति लगाव रखते हैं। वह अनेक ऐसे भी काम करते हैं, जिनकी तारीफ की जाती है। यदि ऐसा होगा तो शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और वह आगे भी अपनी ड्यूटी का निर्वहन करते हुए बेहतर काम करेंगे। इसलिए ऐसे शिक्षकों को बुलंदशहर शिक्षा रत्न और बुलंदशहर शिक्षा ज्योति सम्मान देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए जनपद के प्रत्येक ब्लॉक से 10-10 शिक्षकों का चयन किया जाएगा। इस तरह से जनपद में 16 ब्लॉकाें से दोनों सम्मान के लिए 320 शिक्षकों का चयन होगा। अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि इन सभी शिक्षकों को या तो 15 अगस्त या फिर शिक्षा दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी एबीएसए को अवगत करवा दिया है, ताकि वह अपने-अपने क्षेत्र में सभी स्कूलों के शिक्षकों को अवगत करवा दें।