सीबीएसई 10वीं में दीप्ति, वंशिका और नमन बने जिला टॉपर
बुलंदशहर। सीबीएसई ने बुधवार को 10वीं परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। दीप्ति यादव, वंशिका चौधरी और नमन सिंह ने 99.6 फीसदी अंक हासिल कर संयुक्त रूप से जनपद में पहला स्थान प्राप्त किया है। 99.4 फीसदी अंकों के साथ अदिति सिंघल, रोहन बंसल और हर्ष कुमार संयुक्त रूप से दूसरे स्थान रहे। वहीं, छात्रा परिधि सिंघल ने 99.2 अंक लेकर तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया है।
सीबीएसई के 10वीं के परीक्षा परिणाम में पहले स्थान पर डीपीएस और विद्याज्ञान स्कूल के तीन छात्र-छात्राएं संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहे। छात्रा दीप्ति यादव और नमन दिल्ली पब्लिक स्कूल से हैं, जबकि वंशिका चौधरी विद्या ज्ञान स्कूल दुल्हेरा सिकंदराबाद की छात्रा हैं। इन छात्रों ने टॉप फाइव सब्जेक्ट में 500 में से 498 अंक हासिल किए हैं। जनपद में दूसरे स्थान पर रहीं छात्रा अदिति सिंघल दिल्ली पब्लिक स्कूल से, रोहन बंसल खालसा स्कूल से और हर्ष कुमार विद्या ज्ञान स्कूल से हैं। इन्होंने टॉप फाइव सब्जेक्ट में 500 में से 497 अंक प्राप्त किए हैं। इसी तरह जनपद में तीसरे स्थान रही छात्रा परिधि सिंघल दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। उन्होंने 500 में से 496 अंक हासिल किए हैं। डीपीएस के प्रधानाचार्य डॉ. हरिशंकर वशिष्ठ और विद्या ज्ञान स्कूल के प्रिंसिपल विश्वजीत बनर्जी ने जनपद में पहले तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं, दूसरी ओर इन सभी छात्र-छात्राओं के परिवारों में खुशी का माहौल है। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनके अभिभावक और परिजन भी अपने लाडलों की इस सफलता पर फूले नहीं समा रहे हैं।
अंकों को लेकर रही गहमागहमी, नोडल अधिकारी की आशंका दूर
बुलंदशहर। सीबीएसई की कक्षा 10 के रिजल्ट में अंकों को लेकर गहमागहमी रही। किसी स्कूल ने सभी छह सब्जेक्ट को जोड़कर अंकों का गुणा-भाग किया। इसी तरह टॉप फाइव सब्जेक्ट के अंकों को जोड़कर परसेंटेज निकाला। इसे लेकर कुछ सवाल भी खड़े हुए, लेकिन बाद में सीबीएसई के जनपद से नोडल अधिकारी एवं डीपीएस के प्रधानाचार्य डॉ. हरिशंकर वशिष्ठ ने इस आशंका को दूर करते हुए बताया कि सीबीएसई की ओर से नियम है कि सभी छह सब्जेक्ट में जिन पांच सब्जेक्ट के सबसे अधिक नंबर हैं, उन्हीं को जोड़कर परसेंटेज निकाला जाता है। इसी के आधार पर जनपद में टॉप परीक्षार्थियों का चयन किया जाता है।