खुर्जा में एनएच 34 पर कैलाश अस्पताल के निकट हुए सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोग। संवाद
खुर्जा। एनएच-34 पर वाजिदपुर कट के पास मंगलवार दोपहर को खड़े टैंकर और पीछे से आ रहे कैंटर के बीच में दबने से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। हादसे में कैंटर चालक भी घायल हो गया। उसे जटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खुर्जा नगर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि एनएच 34 पर वाजिदपुर कट के पास पानी के टैंकर का टायर पंक्चर हो गया था। जिसके टायर में पंक्चर लगवाने के लिए चालक ने एक ई-रिक्शा लिया था। कैलाश कट के पास से पंक्चर लगवाकर चालक ई-रिक्शा में टायर रखकर टैंकर के पास लेकर आ गया।
इसके बाद ई-रिक्शा चालक प्रिंस (18) निवासी मुरारी नगर कॉलोनी खुर्जा वहीं खड़ा था। ई-रिक्शा मोड़कर वह वहां से जाने ही वाला था कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। प्रिंस अपने ई-रिक्शा के साथ टैंकर और कैंटर के बीच में दब गया। जिसमें उसकी मौत हो गई। इसमें कैंटर चालक जितेंद्र भी घायल हो गया। वहीं टैंकर चालक वहां से भाग गया।
राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक व कैंटर चालक दोनों को जटिया अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने ई-रिक्शा चालक प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कैंटर चालक को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। एंबुलेंस चालक आशीष कुमार ने बताया कि कैंटर चालक जितेंद्र सिंह निवासी गड़ीबंदला गांव, जनपद एटा से मिली जानकारी के अनुसार वह गाजियाबाद से अलीगढ़ जा रहे थे। अचानक कैंटर का अनियंत्रित हो गया था, जिसके बाद टक्कर हो गई।
कोट :-
हाइवे पर पानी के टैंकर और कैंटर के बीच में दबने से ई रिक्शा चालक की मौत हो गई। कैंटर चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। क्षतिग्रस्त तीनों वाहनों को हाइवे से हटाकर यातायात सुचारू किया गया है। मामले में अभी किसी प्रकार की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। - शोभित कुमार, सीओ खुर्जा।