बुलंदशहर। निकाय क्षेत्रों में रहने वाले करीब 15 लाख लोगों को अब गृह-जलकर समेत 10 सुविधाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। बुधवार से जिले में ई-नगर सेवा की शुरुआत कर दी गई। नगर निकायों की ओर से सर्वे के बाद सभी मकान-दुकान मालिकों की आईडी तैयार करते हुए पंजीकृत मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध करा दी गई है। जिले की सभी निकायों में सुविधाओं को ऑनलाइन करने के मामले में बुलंदशहर प्रदेश का पहला जिला बन गया है।
जिले की नौ नगर पालिका और आठ नगर पंचायत क्षेत्रों में रहने वाले 15 लाख से अधिक लोगों को अभी तक गृह और जलकर जमा कराने, कर की जानकारी करने, संपत्ति नामांतरण, सीवर और पेयजल कनेक्शन के लिए नगर निकायों के चक्कर काटने पड़ते थे। डीएम श्रुति ने सभी निकाय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को 10 सुविधाओं को ऑनलाइन दिए जाने के निर्देश दिए थे। जिसके चलते स्थानीय निकाय प्रभारी और एडीएम प्रशासन प्रमोद कुमार पांडेय ने सभी निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
निकायों में कराए गए संपत्ति सर्वे के दौरान 2,19,744 संपत्ति मालिकों के लिए गए मोबाइल नंबर समेत अन्य डाटा ऑनलाइन फीड करते हुए प्रत्येक करदाता के लिए एक आईडी तैयार की गई है। सर्वे के दौरान कुल 27,381 नए मकान मालिकों का ब्योरा दर्ज किया गया था। इस आईडी को पंजीकरण के बाद मैसेज के माध्यम से करदाताओं को उपलब्ध कराया गया है। अब बृहस्पतिवार से ई-नगर सेवा पोर्टल को पूरी तरह से शुरू कर दिया जाएगा। जिसके बाद सभी 17 निकायों के 341 वार्डों में रहने वाले 15 लाख से अधिक लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
यह सुविधाएं मिलेंगी ऑनलाइन
- संपत्ति कर
- संपत्ति नामांतरण
- ट्रेड लाइसेंस
- सीवर और पेयजल कनेक्शन
- होर्डिंग-बैनर के लिए स्थान बुकिंग व भुगतान
- फूड अनापत्ति प्रमाणपत्र
- पेयजल पाइप लाइन अनुपलब्धता अनापत्ति प्रमाण पत्र
- अग्निशमन एनओसी
- जन शिकायत
- संपत्ति कीमत निर्धारण
नगर निकाय क्षेत्रों के लोगों के लिए दस प्रकार की सुविधाएं ऑनलाइन की जा रही हैं। इससे लोगों को कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। बुधवार से इसे पूरी तरह से चालू कर दिया गया है। प्रत्येक करदाता अपनी लॉग इन आईडी के माध्यम से ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। - श्रुति, डीएम