अनूपशहर में बालक मनीष की मौत पर विलाप करती परिवार की महिलाएं। संवाद
अनूपशहर। कस्बे के अलीगढ़ रोड पर सड़क किनारे झुग्गी बनाकर रह रहे घुमंतू गाड़िया लोहार अर्जुन की झुग्गी पर शनिवार सुबह करीब आठ बजे अचानक अनियंत्रित बदरपुर से भरा 18 टायरा डंपर पलट गया। झुग्गाी में सो रहा आठ वर्षीय मासूम मनीष डंपर के नीचे दब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब एक घंटे बाद मनीष को घायल अवस्था में बाहर निकाला। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे डिबाई विधायक चंद्रपाल सिंह ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। परिजनों ने चालक और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
अलीगढ़ रोड पर डीपीबीएस डिग्री काॅलेज के पास घुमंतू गाड़िया लोहार जाति के करीब दस से 15 परिवार 50 से अधिक झुग्गी डालकर रह रहे हैं। अलीगढ़ रोड पर डीपीबीएस डिग्री काॅलेज से फव्वारा चौक तक नगरपालिका सीसी रोड का निर्माण करा रही है। शनिवार की सुबह रोड के निर्माण के लिए डंपर बदरपुर लेकर आया था। झुग्गी के पास ही डंपर खाली किया जा रहा था। इसी दौरान डंपर अचानक अनियंत्रित होकर झुग्गी के ऊपर पलट गया। डंपर को पलटता देख झुग्गी के बाहर बैठकर चाय पी रहे परिवार के लोगों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। मगर झुग्गी के अंदर सो रहा मनीष डंपर के नीचे दब गया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने डंपर पर पथराव शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत किया और स्थिति को संभाला। हादसे की जानकारी मिलते ही डिबाई विधायक चंद्रपाल सिंह, एसडीएम अरूण कुमार, पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल मौके पर पहुंचे। मनीष को बाहर निकालने के लिए अधिकारियों की देखरेख में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड व स्वास्थ्य टीम को भी मौके पर बुलाया। क्रेन व जेसीबी की मदद से चले एक घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद डंपर के नीचे दबे मनीष को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल मनीष को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि मृतक मनीष तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई पंकज 12 साल व छोटी बहन पांच माह की है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र राघव ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।
क्षेत्राधिकारी भरत सोनकर का कहना है कि 18 टायरा डंपर के झुग्गाी पर पलटने से आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
एसडीएम अनूपशहर अरूण कुमार का कहना है कि मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया गया। पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
अनूपशहर में बालक मनीष की मौत पर विलाप करती परिवार की महिलाएं। संवाद