रविवार दोपहर बाद करीब तीन बजे बुलंदशहर से ककोड़ की ओर जा रहा एक ट्रक चोला फाटक के नजदीक खराब हो गया। ओवरब्रिज निर्माण के चलते मार्ग वन-वे होने के कारण फाटक पर जाम लग गया। चोला और ककोड़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को क्रेन से हटवाया। करीब दो घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका।
रविवार चोला फाटक के पास फतेहपुर जादो को जाने वाले मार्ग पर बुलंदशहर से ककोड़ जा रहा ट्रक अचानक खराब हो गया। इसके पास ही रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है। कुछ ही समय में फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं।
जाम की सूचना मिलते ही चोला चौकी इंचार्च अनिल कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। पहले पुलिस ने सिकंदरपुर आदि मार्ग से वाहनों को निकालना शुरू किया, लेकिन जाम से निजात नहीं मिल पाई।
बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को साइड में करवाकर वाहनों को आगे बढ़ाया। चोला चौकी इंचार्ज ने बताया कि इस समय चोला फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। मार्ग वन-वे होने के कारण हर समय जाम लगने की आशंका बनी रहती है।
रविवार को भी ट्रक खराब होने के कारण जाम लगा। ट्रक को क्रेन की मदद से साइड करवाकर जाम खुलवाया गया। इस कार्य में करीब दो घंटे का समय लगा।