बुलंदशहर। भीषण गर्मी के मौसम में रविवार रात तेज हवा के बाद जिले के सौ से अधिक गांवों में लोगों को छह घंटे बिजली गुल रही। इसके बाद सोमवार को दिनभर बिजली की आंख मिचाैली से लोग परेशान रहे।
गर्मी के मौसम में लोगों को बिजली संकट से राहत नहीं मिल रही है। रविवार रात करीब नौ बजे तेज हवा चलने के कारण जिले के सौ से अधिक गांवों में बिजली सप्लाई प्रभावित हो गई। स्याना, डिबाई, शिकारपुर, जहांगीराबाद, अनूपशहर, खुर्जा, सिकंदराबाद, अरनिया, चोला समेत अन्य क्षेत्र के गांवों में लोगों को करीब छह घंटे की बिजली कटौती झेलनी पड़ी। गांव पूठरी निवासी मेघराज ने बताया कि बिजली कटौती के कारण काफी परेशानी हो रही है। रविवार रात को करीब नौ बजे बिजली कटी थी, इसके बाद सुबह करीब तीन बजे सप्लाई चालू हुई है।
गांव रौरा निवासी जय सिंह ने बताया कि बिजली सप्लाई की स्थिति काफी खराब है। जिसके चलते खेतों में सिंचाई के लिए भी अतिरिक्त संसाधन जुटाने पड़ रहे हैं। ऊंचागांव निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली सप्लाई के हालात काफी खराब हैं। दोपहर के समय लोग बिना बिजली के घरों में नहीं रह पाते और रात में बिजली कटौती के कारण नींद नहीं आती है। जिससे बच्चे, बुजुर्ग व युवा सब परेशान हैं। ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में तेज हवा के चलते परेशानी हुई थी। समस्या को दूर करते हुए बिजली सप्लाई चालू करा दी गई है।