बुलंदशहर। जिले में धान, मक्का व बाजरा की खरीद के लिए क्रय केंद्र खुल गए। इन पर बुधवार से फसलों की खरीद शुरू होनी थी लेकिन ई-पॉश मशीन नहीं मिलने से खरीद शुरू नहीं हो सकी। अधिकारियों का दावा है कि ई-पॉश मशीन जल्द मिल जाएंगी।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि धान की खरीद के लिए 14, बाजरा के लिए छह और मक्का खरीद के लिए पांच क्रय केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों पर किसानों की उपज सीधे खरीदी जाएगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं ऑनलाइन पोर्टल से जुड़ी होंगी।
बताया कि शासन के आदेश पर धान, मक्का व बाजरा की खरीद बुधवार से शुरू होनी थी लेकिन अभी तक ई-पॉश मशीन न मिलने के कारण खरीद शुरू नहीं हो सकी है। ई-पॉश मशीन जल्द मिल जाएंगी। बताया कि इस बार सरकार ने मोटे अनाज की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी तय कर दिए हैं। बाजरा की कीमत प्रति क्विंटल 2775 रुपये रखी गई है।
धान की कीमत सामान्य श्रेणी में 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए श्रेणी में 2389 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है। मक्के की कीमत 2400 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है। इन केंद्रों पर उन्हीं किसानों से खरीद की जाएगी, जिन्होंने विभाग की बेवसाइट पर पंजीकरण कराया है। खरीद होने के 72 घंटे के अंदर भुगतान कर दिया जाएगा।